1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. युकी भांबरी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिये क्वालीफाई किया

युकी भांबरी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिये क्वालीफाई किया

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 14, 2018 02:00 pm IST,  Updated : Jan 14, 2018 02:00 pm IST

पिछले सत्र की अच्छी फार्म जारी रखते हुए युकी भांबरी ने आज पिछड़ने के बाद वापसी कर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के लिये क्वालीफाई किया लेकिन रामकुमार रामनाथन अपने पहले ग्रैंडस्लैम में खेलने से चूक गये।

 युकी भांबरी- India TV Hindi
युकी भांबरी

मेलबर्न: पिछले सत्र की अच्छी फार्म जारी रखते हुए युकी भांबरी ने आज पिछड़ने के बाद वापसी कर ऑस्ट्रेलियाई ओपन के लिये क्वालीफाई किया लेकिन रामकुमार रामनाथन अपने पहले ग्रैंडस्लैम में खेलने से चूक गये। 

25 वर्षीय भांबरी ने तीसरे और अंतिम क्वालीफाइंग दौर में पहला सेट गंवाने के बाद वापसी की और एक घंटे 55 मिनट में कनाडा के पीटर पोलांस्की को 1-6 6-3 6-3 से शिकस्त दी।भांबरी ने इस तरह तीसरी बार आस्ट्रेलियाई ओपन पुरूष एकल मुख्य ड्रा में प्रवेश किया। वह 2015 और 2016 में पहले दौर में क्रमश: एंडी मर्रे और टामस बर्डिच से हार गये थे। 

वहीं रामकुमार को निर्णायक सेट के पांचवें गेम में सर्विस ब्रेक करने का मौका मिला लेकिन वह इसे अंक में नहीं तब्दील कर सके और अंत में तीसरे दौर के मुकाबले में कनाडा के वासेक पोसपिसिल से 4-6 6-4 4-6 से हार गये। 

ग्रैंडस्लैम में रामकुमार का अंतिम क्वालीफाइंग दौर में पहुंचना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भांबरी जूनियर वर्ग में विश्व नंबर एक रह चुके हैं, उन्होंने यहां 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन लड़कों के एकल वर्ग का खिताब जीता था और पेशेवर बनने के बाद सिर्फ इसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में खेले हैं। 

मेलबर्न पार्क में उनके प्रदर्शन के बारे में पूछने पर भांबरी ने कहा, ‘‘मैं नहीं जानता कि मैं यहां बेहतर कैसे खेल पाता हूं। शायद यहां की परिस्थितियां मेरे मुफीद हैं या फिर मैं यहां के हालात को जानता हूं क्योंकि मैं यहां खेल चुका हूं। ’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल