1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. सात्विक-चिराग का सपना चकनाचूर, हांगकांग ओपन के फाइनल में चीन की जोड़ी से मिली हार

सात्विक-चिराग का सपना चकनाचूर, हांगकांग ओपन के फाइनल में चीन की जोड़ी से मिली हार

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 14, 2025 02:48 pm IST,  Updated : Sep 14, 2025 02:48 pm IST

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हांगकांग ओपन सुपर 500 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। चीन के ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट लियांग वेई केंग और वांग चांग ने खिताब अपने नाम किया।

satwik-chirag- India TV Hindi
सात्विक-चिराग Image Source : PTI

भारत की शीर्ष मेन्स डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का हांगकांग ओपन सुपर 500 का खिताब जीतने का सपना टूट गया है। 14 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन के ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट लियांग वेई केंग और वांग चांग की जोड़ी से कड़े संघर्ष के बाद हार का सामना करना पड़ा।

एक घंटे तक चला कड़ा मुकाबला

वर्ल्ड नंबर-9 भारतीय जोड़ी ने शुरुआती गेम जीतकर बढ़त बनाई थी, लेकिन इसके बाद 21-19, 14-21, 17-21 से हार गई। यह रोमांचक फाइनल 61 मिनट तक चला। सात्विक और चिराग 16 महीनों में पहली बार फाइनल पहुंचे थे। पिछली बार उन्होंने थाईलैंड ओपन का खिताब जीता था। हालांकि, इस हार के साथ उनकी सुपर 500 फाइनल में 100% जीत का रिकॉर्ड भी टूट गया। अब तक उन्होंने अपने खेले गए चारों सुपर 500 फाइनल जीते थे।

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने इस सीजन 6 सेमीफाइनल मुकाबलों में मिली हार के बाद अपने पहले फाइनल में जगह बनाई थी।फाइनल से पहले उनका लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 3-6 था। पेरिस वर्ल्ड चैंपियनशिप में उन्होंने इस चीनी जोड़ी को हराया भी था, लेकिन इस बार बढ़त बरकरार नहीं रख सके।

लक्ष्य सेन पर नजरें

पहला गेम बेहद रोमांचक रहा, जिसमें चिराग के ताबड़तोड़ स्मैश और सात्विक की धारदार सर्विस ने भारत को 21-19 से बढ़त दिलाई। लेकिन दूसरा गेम पूरी तरह चीनी खिलाड़ियों के नाम रहा, जिन्होंने आक्रामक खेल से 21-14 से जीत हासिल की।  निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी शुरुआत में ही 2-11 से पिछड़ गई। हालांकि अंत में उन्होंने तीन मैच प्वॉइंट बचाए और स्कोर 17-20 तक पहुंचाया, लेकिन वापसी नहीं कर पाए और मुकाबला गंवा बैठे। फाइनल में हार के बावजूद भारतीय फैंस की उम्मीदें अभी बाकी हैं। टूर्नामेंट में बाद में भारत के लक्ष्य सेन मेन्स सिंगल्स खिताब के लिए चीन के ली शी फेंग से भिड़ेंगे।

(PTI Inputs)

यह भी पढ़ें

IND vs PAK: भारतीय टीम के खौफ में शोएब अख्तर, अपने बयान से पाकिस्तान को दी चेतावनी

IND vs PAK: रिजवान और रैना छूट जाएंगे पीछे, सूर्यकुमार यादव को सिर्फ 28 रनों की दरकार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Other Sports से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल