1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Video: 'आपके दिल में जलन हो रही है, मैंने दवा लिख दी', नशे में धुत डॉक्टर ने कर दिया बड़ा कांड

Video: 'आपके दिल में जलन हो रही है, मैंने दवा लिख दी', नशे में धुत डॉक्टर ने कर दिया बड़ा कांड

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 09, 2026 02:51 pm IST,  Updated : Feb 09, 2026 02:51 pm IST

गुना के जिला अस्पताल में एक डॉक्टर नशे में धुत मिला। वह अनाब-शनाब बातें करता है। इस बीच वीडियो बना रहे व्यक्ति से कहता है कि उसके लिए दवा लिख दी है। बीमारी पूछने पर कहता है कि वीडियो बनाने वाले के दिल में जलन है।

Guna Doctor Video- India TV Hindi
गुना के शराबी डॉक्टर का वीडियो Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के गुना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक सरकारी डॉक्टर नजर आ रहा है, जो अनाब-शनाब बातें कर रहा है। इस वीडियो के सामने आने से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर एक बार फिर गहरा दाग लगा है। मानवता को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला गुना जिला अस्पताल से सामने आया है। यहां ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर शराब के नशे में इस कदर धुत था कि उसे न तो अपनी गरिमा का अहसास रहा और न ही सामने तड़प रहे मरीज की जान की परवाह। नशे में मदहोश डॉक्टर की इस घोर लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

घटना रविवार देर रात की है, जब जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉ. अजय सिंह राठौर की ड्यूटी कर रहे थे। वायरल वीडियो में डॉक्टर की हालत इतनी खराब दिख रही है कि उनकी जुबान लड़खड़ा रही है और वे बैठने की स्थिति में भी नहीं हैं। हद तो तब हो गई जब वे मरीज का इलाज करने के बजाय वहां मौजूद तीमारदारों को ही मरीज बताने लगे। जब उनसे पूछा गया कि मरीज कौन है, तो वे वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की ओर इशारा कर कहने लगे कि तुम्हें दिल में जलन की समस्या है। डॉक्टर की यह हरकत देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।

 

शराब के नशे में धुत था डॉक्टर

अस्पताल में मौजूद मरीज लल्लू सिंह ने इस अमानवीय व्यवहार की पूरी दास्तां बयां की। उन्होंने बताया कि वे उनको सांस लेने में हो रही गंभीर समस्या के कारण अस्पताल आए थे। वहां तैनात डॉक्टर पूरी तरह शराब के नशे में डूबा हुआ था। लल्लू सिंह का आरोप है कि डॉक्टर ने पहले तो पर्चे पर बिना सोचे-समझे कुछ भी लिख दिया और जब उन्हें टोका गया, तो उन्होंने मरीज का इलाज करने के बजाय गुस्से में आकर पर्चा ही फाड़ दिया। डॉक्टर की इस हरकत के कारण काफी देर तक परेशानी आई।

 

अस्पताल प्रबंधन ने संभाला मामला

मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया। आरएमओ और मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शराबी डॉक्टर को तुरंत वहां से हटाकर घर भेजा गया। अस्पताल के अन्य स्टाफ ने दबी जुबान में बताया कि उक्त डॉक्टर अक्सर इसी स्थिति में ड्यूटी पर आते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने जांच कमेटी गठित कर दी है।

 

सीएमएचओ का बयान

गुना सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर ने कहा, "डॉक्टर की इस हरकत की जानकारी रविवार रात को ही मुझे मिल गई थी। मैंने तत्काल आरएमओ और मैनेजर को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया और ड्यूटी डॉक्टर को बदला। पीड़ित मरीज को भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया है। संबंधित डॉक्टर अजय सिंह राठौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उन्हें सात दिनों के लिए तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है। डॉ. आरएस भाटी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"

(गुना से रितेश सिंह राजपूत की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

Video: लॉ स्टुडेंट ने क्लासमेट को गोली मारी, अगले ही सेकेंड सुसाइड कर लिया, क्लास से भागे बच्चे

हाईवे पर 'काल' बनकर दौड़ा ओवरलोड ट्रक! ड्राइवर ने नहीं मारा ब्रेक तो तुरंत गया पलट, देखें वीडियो

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।