Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बांग्लादेश का PM बनने के बाद एक्शन में तारिक रहमान, पहली कैबिनेट बैठक में तय किया 180 दिनों का प्लान

बांग्लादेश का PM बनने के बाद एक्शन में तारिक रहमान, पहली कैबिनेट बैठक में तय किया 180 दिनों का प्लान

Edited By: Amit Mishra @AmitMishra64927 Published : Feb 18, 2026 09:03 pm IST, Updated : Feb 18, 2026 09:03 pm IST

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में प्रायोरिटी प्लान तय किया है। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने इस बैठक के बारे में अहम जानकारी साझा की है।

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान (R)- India TV Hindi
Image Source : AP बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान (R)

Bangladesh PM Tarique Rahman Cabinet Meeting: बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार को अपनी नई कैबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में सरकार ने 180 दिनों का प्रायोरिटी प्लान तय किया। प्रायोरिटी प्लान में मुख्य फोकस आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सप्लाई चेन को स्थिर करने और गैस-बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर रहा। पहली कैबिनेट बैठक ढाका के सचिवालय में कैबिनेट डिवीजन में हुई।

क्या बोले गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद?

बैठक के बाद गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नई सरकार के पहले दिन ही बैठक करना सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले 100 दिनों की प्राथमिकताएं तय करने की बजाय 180 दिनों का विस्तृत प्लान बनाया है। इसकी पूरी डिटेल्स जल्द ही सार्वजनिक की जाएंगी। सलाहुद्दीन अहमद ने कहा, "हमारी शुरुआती प्राथमिकताओं में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करना, सप्लाई चेन को मजबूत रखना और पावर तथा एनर्जी सेक्टर (खासकर गैस और बिजली) में कोई व्यवधान ना आने देना शामिल है।"

'मॉब कल्चर' बर्दाश्त नहीं

सलाहुद्दीन अहमद ने जोर दिया कि आगामी रमजान के मद्देनजर बाजार स्थिरता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों से मुलाकात की और उन्हें पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को लागू करने तथा जनता के जनादेश को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। गृह मंत्री ने 'मॉब कल्चर' पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश में मॉब कल्चर खत्म हो चुका है। इसे किसी भी रूप में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। लोग लोकतांत्रिक तरीके से रैलियां और कार्यक्रम कर सकते हैं, लेकिन मांगें मनवाने के लिए हाईवे ब्लॉक नहीं किया जा सकता।" 

BNP को चुनाव में मिली है प्रचंड जीत

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन और 60 वर्षीय तारिक रहमान ने मंगलवार (17 फरवरी 2026) को 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उन्होंने 12 फरवरी को हुए 13वें संसदीय चुनाव में BNP को भारी बहुमत दिलाया, जिसके बाद वे अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की जगह लेने वाले चुने गए नेता बने। तारिक रहमान, जो दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं, 17 साल तक लंदन में स्व-निर्वासन में रहने के बाद दिसंबर 2025 में स्वदेश लौटे थे।

यह भी पढ़ें:

खतरे की घंटी! तेजी पैर पसार रहा आतंकी संगठन अल-कायदा; 50 गुना ज्यादा बढ़ी संख्या

यूक्रेन के पूर्व आर्मी चीफ ने किए बड़े खुलासे, राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ तनाव का भी किया जिक्र

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement