नई दिल्लीः राजधानी के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो-2026 से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेट्टेरी ओरपो से अलग-अलग मुलाकातें कीं। उन्होंने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) ने भारत-यूरोप संबंधों में एक स्वर्णिम युग की शुरुआत की है। मोदी ने राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज के साथ उत्पादक बैठक की और भारत-स्पेन मित्रता को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा की।
स्पेन ने भारत के साथ खासकर रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी पर वार्ता की। पीएम मोदी ने उन्होंने X पर पोस्ट में कहा, "हम दोनों देश साल 2026 को भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और एआई वर्ष के रूप में मना रहे हैं। इससे जन-जन संपर्क गहरा होगा। भारत में विश्वविद्यालयों के बड़े प्रतिनिधिमंडल का आना खुशी की बात है। यह भी हमारे लोगों को जोड़ने में बहुत मदद करेगा। पीएम मोदी ने कहा- ईयू के साथ ऐतिहासिक एफटीए का स्पेन के साथ आर्थिक साझेदारी पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और हमारे दोनों राष्ट्रों के लोगों के लिए नए अवसर प्रदान करेगा। बता दें कि भारत और यूरोपीय संघ ने 27 जनवरी को एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता किया था, जिसे "सभी सौदों की मां" कहा जा रहा है। यह समझौता 2 अरब लोगों के बाजार का निर्माण करेगा।
स्पेन के राष्ट्रपति सांचेज ने X पर स्पेनिश में पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उन्होंने स्पेन और भारत के बीच उत्कृष्ट संबंधों पर ध्यान दिया, जिन्हें दोनों नेता मजबूत बनाते रहेंगे। "मैंने उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव पर शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई दी। हम इस बात पर सहमत हैं कि लोगों को केंद्र में रखने वाली एआई की दिशा में कदम बढ़ाते रहने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री पेट्टेरी ओरपो के साथ "विस्तृत चर्चा" के दौरान मोदी ने उन्हें भारत-ईयू एफटीए के लिए उनके व्यक्तिगत समर्थन के लिए धन्यवाद दिया, जो "भारत-यूरोप संबंधों में स्वर्णिम युग" की शुरुआत करता है। मोदी ने एक अन्य X पोस्ट में कहा, "भारत और फिनलैंड द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखते हैं, जिससे आर्थिक संबंधों को मजबूत बढ़ावा मिलेगा। हमने 6जी जैसी भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकियों, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, बायोफ्यूल, सर्कुलर इकोनॉमी आदि में सहयोग बढ़ाने पर भी बात की। सांचेज और ओरपो यहां चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026 में भाग लेने आए हैं।
यह एक्सपो वैश्विक तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप्स, अकादमिया, शोध संस्थानों, केंद्र व राज्य सरकारों तथा अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक मंच प्रदान करता है। पीएम मोदी ने सोमवार को इस एक्सपो का उद्घाटन किया था। इसमें 600 से अधिक उच्च-संभावना वाले स्टार्टअप्स और 13 देशों के पवेलियन शामिल हैं, जो एआई इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित कर रहे हैं। समिट में 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री और 500 वैश्विक एआई नेता भाग ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें
संपादक की पसंद