Sunday, February 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. Crimea Bridge: पुतिन को 'बर्थडे गिफ्ट' देने के लिए यूक्रेन ने उड़ाया केर्च ब्रिज! भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, रूसी राष्ट्रपति ने तोड़ी चुप्पी, क्या बोले?

Crimea Bridge: पुतिन को 'बर्थडे गिफ्ट' देने के लिए यूक्रेन ने उड़ाया केर्च ब्रिज! भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, रूसी राष्ट्रपति ने तोड़ी चुप्पी, क्या बोले?

Edited By: Shilpa @Shilpaa30thakur Published : Oct 10, 2022 07:11 am IST, Updated : Oct 10, 2022 02:01 pm IST

Crimea Bridge Explosion: रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले पुल को विस्फोट करके उड़ाया गया है। जिसके बाद से रूस काफी गुस्से में है। अब पुतिन ने घटना को आतंकी कृत्य बताया है।

Crimea Bridge Explosion-Vladimir Putin- India TV Hindi
Image Source : AP Crimea Bridge Explosion-Vladimir Putin

Highlights

  • रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाला पुल तबाह
  • पुतिन के जन्मदिन के एक दिन बाद विस्फोट
  • रूस ने यूरोप का सबसे लंबा पुल बनाया था

Crimea Bridge Explosion: रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले एक पुल पर शनिवार को विस्फोट होने के बाद आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और पुल आंशिक रूप से ढह गया। रूसी अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी। इससे ठीक एक दिन पहले यानी 7 अक्टूबर शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जन्मदिन था। ऐसा कहा जा रहा है कि पुतिन को ठेस पहुंचाने के लिए पुल को इस तरह उड़ाया गया है। क्रीमिया के जरिए ही रूस यूक्रेन के दक्षिणी हिस्से में युद्ध के लिए साजो-सामान भेजता है। क्रीमिया प्रायद्वीप की रूस समर्थित क्षेत्रीय संसद के अध्यक्ष ने इसके लिए यूक्रेन पर आरोप लगाया है, हालांकि रूस ने इसके लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। 

यूक्रेनी अधिकारी समय-समय पर इस पुल पर हमला करने की धमकी देते रहे हैं और कुछ ने इस हमले की सराहना भी की है, लेकिन यूक्रेन ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। रूस की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी समिति ने बताया कि ट्रक में रखा बम फटने से ईंधन ले जा रही ट्रेन की सात बोगियों में आग लग गई, जिसके परिणामस्वरूप 'पुल के दो हिस्से आंशिक रूप से ढह गए।' काला सागर और आजोव सागर को जोड़ने वाले कर्च जलडमरूमध्य में साल 2018 में यह 19 किलोमीटर (12 मील) का पुल खोला गया था। यह यूरोप में सबसे लंबा पुल है। इसे बनाने में 3.6 अरब डॉलर का खर्च आया था। रूस ने साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन कर यूक्रेन से क्रीमिया को छीन लिया था और फिर इस पुल का निर्माण कराया था। 

पुतिन ने तोड़ी चुप्पी

व्लादिमीर पुतिन ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर किए गए हमले को यूक्रेन के स्पेशल सर्विसेज द्वारा किया गया ‘आतंकी कृत्य’ करार दिया है। रूसी समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। पुतिन ने रविवार को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए रूसी जांच समिति के अध्यक्ष एलेक्जेंडर बास्त्रिकीन से कहा, ‘इसमें कोई आशंका नहीं है कि यह आतंकवादी कृत्य है, जिसका मकसद अहम नागरिक अवसंरचना को नष्ट करना था।’ बस्त्रिकीन ने कहा कि उनके समक्ष इस घटना को आतंकवादी कृत्य मानकर मुकदमा चलाने का विकल्प खुला है।

क्रीमिया प्रायद्वीप रूस के लिए प्रतीकात्मक महत्व रखता है और यह दक्षिण में उसके सैन्य अभियानों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अगर पुल को बंद कर दिया जाता है, तो इससे क्रीमिया तक साजो-सामान भेजना और मुश्किल हो जाएगा। रूस के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि क्रीमिया के पास 15 दिन के लिए पर्याप्त ईंधन है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय स्टॉक फिर से भरने के तरीकों पर काम कर रहा है। अधिकारियों ने अगली सूचना तक पुल पर यात्री ट्रेनों की आवाजाही को निलंबित कर दिया गया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को विस्फोट के बारे में जानकारी दे दी गई थी और उन्होंने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक सरकारी समिति बनाने का आदेश दिया। 

क्रीमिया की संसद ने क्या कहा?

क्रीमिया की रूस समर्थित क्षेत्रीय संसद के अध्यक्ष ने विस्फोट के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पुल को कम नुकसान पहुंचा है और तुरंत इसकी मरम्मत की जाएगी। क्रीमिया की संसद ‘स्टेट काउंसिल ऑफ द रिपब्लिक’ के अध्यक्ष व्लादिमीर कोन्स्टेंटिनोव ने टेलीग्राम ऐप पर यूक्रेन के बारे में कहा, 'अपने 23 साल के शासन में उन्होंने कुछ भी ऐसा नहीं बनाया जिसपर ध्यान दिया जा सके, लेकिन वे रूसी पुल को नुकसान पहुंचाने में कामयाब रहे हैं।' यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की की पार्टी के सांसद ने शनिवार को इस दावे को खारिज कर दिया कि घटना के पीछे यूक्रेन का हाथ है। उन्होंने इसे क्रीमिया पर नियंत्रण करने और इसे रूसी मुख्यभूमि से मिलाने के रूस के प्रयासों का परिणाम करार दिया। 

‘सर्वेंट ऑफ द पीपुल्स पार्टी’ के नेता डेविड अराखामिया ने टेलीग्राम पर लिखा, 'रूस का अवैध निर्माण ढहना शुरू हो रहा है और आग लग रही है। कारण सरल है: यदि आप कोई विस्फोटक बनाते हैं, तो देर-सबेर वह आप पर भी फट ही जाएगा। और यह सिर्फ शुरुआत है।' यूक्रेन के अन्य अधिकारियों ने इस घटना पर खुशी जताई है। यूक्रेन की राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा परिषद के सचिव, ओलेक्सी डैनिलोव ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बाईं ओर पुल पर आग लगने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं तो दूसरी ओर मर्लिन मुनरो का प्रसिद्ध गीत “हैप्पी बर्थडे मिस्टर प्रेसिडेंट” चल रहा है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार यानी सात अक्टूबर को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जन्मदिन था। 

वहीं जेलेंस्की के एक सलाहकार, मिखाइलो पोडोलीक ने ट्वीट किया: 'क्रीमिया, पुल, शुरुआत। अवैध रूप से बनाया गया सब कुछ नष्ट हो जाएगा, चोरी की गई हर चीज यूक्रेन को वापस करनी पड़ेगी, रूस के कब्जे वाली हर चीज को छुड़ाना है।' मॉस्को में, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि 'नागरिक बुनियादी ढांचे के ढहने पर यूक्रेन सरकार की प्रतिक्रिया इसकी आतंकवादी प्रकृति को दर्शाती है।'  

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement