1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस के हाथ लगा सोने का खजाना, प्रतिबंध झेल रहे पुतिन के देश को मिली गोल्ड की खदान

रूस के हाथ लगा सोने का खजाना, प्रतिबंध झेल रहे पुतिन के देश को मिली गोल्ड की खदान

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jan 15, 2024 12:45 pm IST,  Updated : Jan 15, 2024 12:45 pm IST

रूस के हाथ सोने का खजाना लग गया है। जंग और आर्थिक प्रतिबंध से घिरे रूस को अपने ही देश में सबसे बड़ी गोल्ड की खदान मिल गई है। इस खदान के मिलने से रूस को भारी फायदा होने वाला है और पुतिन को काफी राहत मिली है।

प्रतिबंध झेल रहे पुतिन के देश को मिली गोल्ड की खदान- India TV Hindi
प्रतिबंध झेल रहे पुतिन के देश को मिली गोल्ड की खदान Image Source : FILE

Russia Gold Mine News: रूस इन दिनों यूक्रेन से जंग लड़ रहा है। इस जंग को अगले महीने दो साल होने को हैं। लंबी जंग के बीच उस पर पश्चिमी देशों ने आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए। अपनी इकोनॉमी से जूझ रहे रूस के हाथ एक बड़ा सोने का खजाना लग गया है। प्रतिबंध झेल रहे रूस को अपने सुदूर पूर्वी इलाके में सोने की बड़ी खदान मिल गई है। खुद रूस ने इस सबसे बड़ी सोने की खदान मिलने की घोषणा की है। यह खदान  पूर्वी संघीय इकाई चुकोटका में स्थित है। रूस का बड़ा दावा है कि इस खदान में 100 टन से ज्यादा मात्रा में सोने का भंडार मौजूद है। 

ऐसा माना जा रहा है कि  1991 में सोवियत संघ के पतन के बाद यह रूस में सोने की सबसे बड़ी खोज है। सोने की इस बड़ी खदान मिलने को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर मानी जा रही है। क्योंकि रूस पिछले करीब दो साल से यूक्रेन से जंग लड़ रहा है। इस दौरान उसे काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। वहीं पश्चिमी देशों ने अलग उस पर प्रतिबंध लगा रखा है। ऐसे में प्र​तिबंधों और जंग का सामना कर रहे पुतिन के देश रूस को इस खदान के मिलने से बड़ी राहत और खुशी मिली है। क्योंकि यह सोने की खदान की खोज बड़ी अहम मानी जा रही है।

जानिए कब से शुरू हो जाएगा सोने का खनन

इस सोने की खदान के मिलने की घोषणा रूस की सरकारी कंपनी रोसाटॉम के खनन माइनिंग डिवीजन ने की है। उन्होंने एक बयान में बताया कि सोविनोय खदान में ड्रिलिंग का काम सालभर किया जाता था। बयान के अनुसार, "पिछले तीन वर्षों में 32 किमी से अधिक की कुल लंबाई वाले 123 कुएं खोदे गए हैं। सभी पूर्वेक्षण, स्थलाकृतिक-भूगर्भीय, भूवैज्ञानिक-भूरासायनिक और भूभौतिकीय कार्य पूरे हो चुके हैं।" कंपनी ने कहा कि सोविनोय खदान का वार्षिक उत्पादन 2029 से 3 टन सोने से शुरू होने की उम्मीद है।

6 साल बाद रूस होगा सोने का सबसे बड़ा उत्पादक देश

रूसी मीडिया ने पहले मॉस्को स्थित सेंट्रल रिसर्च एक्स्प्लोरेशन इंस्टीट्यूट आफ नॉन फेरस एंड प्रेशियस मेटल्स की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया था कि रूस में 2030 में अपने सोने के उत्पादन में चरम पर पहुंच सकता है। बता दें कि सोविनोय की खदान चकची सागर के पास स्थित है। इसकी स्थापना 1970 के दशक में की गई थी। इसके बाद 1980 के दशक में इस क्षेत्र में उच्च श्रेणी की सोने की खोज करने के लिए व्यापक भूवैज्ञानिक अन्वेषण किया गया। इसी दौरान इस इलाके के सोने से भरे होने की जानकारी सामने आई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश