1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Julian Assange Case: जूलियन असांजे भेजे जाएंगे अमेरिका, दोषी करार हुए तो 175 साल के लिए जाएंगे जेल

Julian Assange Case: जूलियन असांजे भेजे जाएंगे अमेरिका, दोषी करार हुए तो 175 साल के लिए जाएंगे जेल

 Edited By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jun 17, 2022 07:00 pm IST,  Updated : Jun 17, 2022 07:00 pm IST

विकीलीक्स के फाउंडर जूलियन असांजे के केस में ब्रिटेन की अदालत ने उन्हें अमेरिका को सौंपने की मंजूरी दे दी है। उन पर इराक और अफगानिस्तान में युद्ध से संबंधित गोपनीय दस्तावेजों को लीक करने को लेकर अमेरिका में केस चल रहा है। यदि वे दोषी पाए गए तो कम से कम 175 साल की सजा हो सकती है।

Julian Assange- India TV Hindi
Julian Assange Image Source : GOOGLE

Highlights

  • विकीलीक्स के फाउंडर जूलियन असांजे को भेजा जाएगा अमेरिका
  • इराक और अफगानिस्तान में युद्ध से संबंधित गोपनीय दस्तावेजों को किया था लीक
  • असांजे ने कहा मैं बेकसूर हूं, मैंने कुछ भी गलत नहीं किया

Julian Assange Case: विकीलीक्स के फाउंडर जूलियन असांजे को ब्रिटेन ने अमेरिका को सौंपने की मंजूरी दे दी है। जूलियन असांजे पर आरोप है कि उन्होंने इराक और अफगानिस्तान में युद्ध से संबंधित गोपनीय दस्तावेजों को लीक किया था। इसी आरोप को लेकर उन पर अमेरिका में केस चल रहा है। ब्रिटेन की  गृह मंत्री प्रीति पटेल ने 50 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई नागरिक असांजे के प्रत्यर्पण आदेश पर हस्ताक्षर कर दिया है। बता दें कि अप्रैल 2022 में ब्रिटिश अदालत ने एक फैसले में कहा था कि असांजे को अमेरिका भेजा जा सकता है।

असांजे के पास और भी विकल्प

अमेरिका भेजे जाने से बचने के लिए असांजे ने वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी। हालांकि असांजे के प्रयासों का यह अंत नहीं है और उनके पास इसके खिलाफ अपील करने के लिए 14 दिन का समय है। असांजे की कानूनी टीम की जवाबी अपील से कानूनी लड़ाई का एक और दौर फिर से शुरू होने की उम्मीद है। 

असांजे के साथ अमेरिका में अच्छा बर्ताव किया जाएगा

ब्रिटेन के गृह विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि ‘‘ब्रिटेन की अदालतों ने यह नहीं पाया है कि ‘‘असांजे का प्रत्यर्पण दमनकारी, अन्यायपूर्ण या प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा। असांजे का प्रत्यर्पण उनके मानवाधिकारों, निष्पक्ष मुकदमे के अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के खिलाफ नहीं होगा। अमेरिका में उनसे अच्छा व्यवहार किया जाएगा।

असांजे का पक्ष- मैं बेकसूर हूं

असांजे कहते रहे हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वह 2019 में इक्वाडोर के दूतावास से हिरासत में लिए जाने के बाद से लंदन की बेलमर्श जेल में बंद हैं। इक्वाडोर दूतावास में उन्होंने शरण ली थी। वह स्वीडन में यौन अपराध के आरोपों का सामना करने के लिए प्रत्यर्पण से बचने के लिए 2012 से दूतावास में रह रहे थे। उन्होंने यौन अपराध के आरोपों का खंडन किया था और अंतत: ये आरोप हटा लिए गए थे। 

विकीलीक्स कर रहा असांजे का बचाव

विकीलीक्स ने ट्विटर पर एक बयान में कहा कि “आज लड़ाई का अंत नहीं है। यह केवल एक नई कानूनी लड़ाई की शुरुआत है। हम कानूनी प्रणाली के माध्यम से अपील करेंगे। यह प्रेस की स्वतंत्रता और ब्रिटिश लोकतंत्र के लिए एक काला दिन है।" 

जेल में रहते हुए ही की थी शादी

ऑस्ट्रेलियाई नागरिक असांजे ने इस साल मार्च में जेल में रहते हुए दक्षिण अफ्रीका मूल की 38 वर्षीय स्टेला मोरिस से शादी की थी। दंपति के दो बेटे भी हैं। बड़ा बेटा गेब्रियल 4 साल का है और छोटा बेटा मैक्स 2 साल का है।

असांजे की पत्नी का रिएक्शन

मोरिस ने असांजे को अमेरिका भेजे जाने की घोषणा के बाद कहा कि "इस देश में जो कोई भी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की परवाह करता है, उसे बहुत शर्म आनी चाहिए कि गृह मंत्री ने जूलियन असांजे के अमेरिका प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है, जिस देश ने उनकी हत्या की साजिश रची थी।" उन्होंने कहा, ‘‘जूलियन ने कुछ भी गलत नहीं किया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश