1. Hindi News
  2. बिहार
  3. ट्रेन के कोच में फंदे से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव, मच गया हड़कंप, हत्या की आशंका

ट्रेन के कोच में फंदे से लटकता मिला अज्ञात युवक का शव, मच गया हड़कंप, हत्या की आशंका

 Published : Feb 13, 2026 09:18 pm IST,  Updated : Feb 13, 2026 09:50 pm IST

बिहार के मोतीहारी जिले के अंतर्गत रक्सौल रेलवे जंक्शन पर अज्ञात युवक का शव ट्रेन के कोच में फंदे से लटकता मिला है। मामले के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। इस मामले में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।

bihar Raxaul Railway Junction train coach deadbody suicide- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS

मोतिहारी: रक्सौल रेलवे जंक्शन पर वाशिंग पिट में खड़ी सत्याग्रह एक्सप्रेस के स्लीपर कोच (S-5) में शुक्रवार को एक युवक का शव फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गर्दन पर रस्सी जैसी चीज से बने जख्म के निशान पाए गए हैं। मामला आत्महत्या है या हत्या रेल पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। घटना के सामने आने के बाद रेल महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में वरीय अधिकारी को जानकारी दी गई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15273 (सत्याग्रह एक्सप्रेस) सफाई और रखरखाव के लिए वाशिंग पिट में खड़ी थी। इसी दौरान रेलकर्मियों की नजर कोच संख्या S-5 में फंदे से झूलते युवक पर पड़ी। युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, युवक के गले पर चोट के निशान संदिग्ध हैं, जो हत्या की आशंका को पुख्ता कर रहे हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक का शव कोच संख्या S5 में बर्थ नंबर 57 पर चेन से लटका मिला। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के रक्सौल पहुंचने के बाद उसे साफ-सफाई के लिए वाशिंग पिट पर खड़ा किया गया था। जब शुक्रवार को ट्रेन को पुनः दिल्ली रवाना करने की तैयारी की जा रही थी, तभी कोच की जांच के दौरान यह शव बरामद हुआ।

FSL ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के डीएसआरपी (DSRP) ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का मानना है कि फॉरेंसिक जांच से मौत के समय और कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

प्रशासन ने क्या बताया?

इस घटना को लेकर रक्सौल जीआरपी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, "युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। गर्दन पर मिले निशानों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।" (रिपोर्ट: अरविन्द कुमार)

ये भी पढ़ें- पटना के फुलवारी शरीफ में कोचिंग सेंटर की छत से गिरकर छात्रा की संदिग्ध मौत, तीन लोग हिरासत में

'मुझे उर्दू में क्यों पढ़ाई किताब?', मशहूर टीचर गुरु रहमान को ऑफिस में घुसकर दी गोली मारने की धमकी, CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।