1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में पुलिस से मुठभेड़ में शराब तस्कर घायल, 2 नदी में कूदकर फरार, थाना प्रभारी बाल-बाल बचे

बिहार में पुलिस से मुठभेड़ में शराब तस्कर घायल, 2 नदी में कूदकर फरार, थाना प्रभारी बाल-बाल बचे

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Jul 20, 2023 12:42 pm IST,  Updated : Jul 20, 2023 12:42 pm IST

बिहार के गोपालगंज में शराब तस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर घायल हो गया जबकि 2 अन्य नदी में कूदकर फरार हो गए।

Liquor smuggler, Liquor smuggler Bihar, Liquor smuggler Gopalganj- India TV Hindi
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात। Image Source : TWITTER.COM/GOPALGANJPOLICE

गोपालगंज: बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार दबाव बना रही है, लेकिन उनके हौसले पस्त नहीं हो रहे हैं। हालात किस कदर बिगड़े हुए हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शराब तस्करों या उनके समर्थकों द्वारा लगातार पुलिस पर हमले की खबरें आती रहती हैं। इसी कड़ी में बुधवार की देर रात गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करों और पुलिस के मुठभेड़ में एक शराब तस्कर घायल हो गया, जबकि 2 तस्कर गंडक नदी में छलांग लगाकर फरार हो गए।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की अंधाधुंद फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से गंडक नदी के रास्ते नाव पर शराब लादकर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही जादोपुर थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस मंगलपुर पुल के पास पहुंची। तब तक नाव से शराब की पेटी उतारकर क्रेटा कार पर रखा जा रहा था। बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही शराब माफियाओं ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस मुठभेड़ में एक शराब तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो शराब तस्कर गंडक नदी में छलांग लगाकर मौके से फरार हो गए।

बदमाशों के साथ मुठभेड़ में बाल-बाल बचे थाना प्रभारी
बदमाशों के साथ हुई इस मुठभेड़ में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। जख्मी शराब माफिया की पहचान अजीत कुमार के रूप में की गई है, जो सोनपुर का रहने वाला है। अजीत को इलाज के लिए पुलिस में सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से शराब माफियाओं की क्रेटा कार, शराब से भरी नाव, एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने फरार शराब माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ प्रांजल के नेतृत्व में SIT का गठन किया है। प्रभात ने गुरुवार को बताया कि घटना के बाद गंडक नदी में निगरानी बढ़ा दी गई है और सशस्त्र बलों को शराब माफियाओं की तलाश में छापेमारी के लिए लगाया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।