1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. अब दिल्ली में बांटे जाएंगे 10 हजार इलेक्ट्रिक हीटर, इससे रोकी जाएगी जहरीली हवा, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

अब दिल्ली में बांटे जाएंगे 10 हजार इलेक्ट्रिक हीटर, इससे रोकी जाएगी जहरीली हवा, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

 Published : Nov 22, 2025 05:54 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 06:14 pm IST

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली के कई जगहों पर इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने की घोषणा की है।

सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली में वायु प्रदूषण- India TV Hindi
सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली में वायु प्रदूषण Image Source : PTI

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे शहर में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और सुरक्षा कर्मियों को 10,000 इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने की शनिवार को घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सर्दियों के मौसम में लकड़ी और कोयला जलाने से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के मकसद से की। 

सीएम रेखा गुप्ता ने इस पहल की शुरुआत की

उन्होंने दिल्ली हाट, पीतमपुरा के ओपन एम्फीथिएटर में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के साथ इस पहल की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह कदम सर्दियों के मौसम में स्थानीय स्तर पर कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के दिल्ली सरकार के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है। 

कोयला और लकड़ी जलाने से फैलता है प्रदूषण

सीएम गुप्ता ने कहा, 'दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में सरकार ने एक और सकारात्मक कदम उठाया है। सर्दियों के दौरान अलाव के लिए कोयला और लकड़ी जलाना दिल्ली में प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल है। इसके मद्देनजर हमने आरडब्ल्यूए को 10,000 इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने का फैसला किया है। इसके अलावा, हम लोगों से अनुरोध करेंगे कि वे लकड़ी न जलाएं और प्रदूषण न फैलाएं।' 

प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली के लोगों को आना होगा आगे

उन्होंने कहा कि इस पहल की सफलता के लिए जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली के हर बाशिंदे को इस पहल में योगदान देना होगा। हम प्रत्येक आरडब्ल्यूए को इस पहल से जोड़ेंगे और अच्छा प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करेंगे।' 

आरडब्ल्यूए प्रदूषण कम करने में निभाएगा भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी ब्लॉक में आरडब्ल्यूए और निवासियों को स्वच्छ तापन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि लकड़ी जलाने की परंपरा को हतोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा, 'जब तक दिल्ली के लोग इसमें हिस्सा नहीं लेंगे, हमें पूरी सफलता नहीं मिल पाएगी। हमें विश्वास है कि आरडब्ल्यूए प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद करेंगे।' (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।