1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भूकंप के झटकों से दहल गया भारत का ये राज्य, पड़ोसी देशों में भी हिली धरती, जानें कितनी थी तीव्रता

भूकंप के झटकों से दहल गया भारत का ये राज्य, पड़ोसी देशों में भी हिली धरती, जानें कितनी थी तीव्रता

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Feb 03, 2026 10:22 pm IST,  Updated : Feb 03, 2026 10:22 pm IST

रिक्टर स्केल पर 6.0 की तीव्रता के भूकंप के झटकों ने एक बड़े इलाके में दहशत फैला दी। भूकंप के ये झटके पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Kolkata earthquake tremors, West Bengal earthquake today, Myanmar earthquake impact- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। Image Source : INDIA TV

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत सूबे के कई हिस्सों में मंगलवार की शाम को भूकंप के हल्के से मध्यम झटके महसूस किए गए। बता दें कि इस भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश म्यांमार में पाया गया है। सूबे के अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी तरह की कोई जान-माल की हानि या संपत्ति को नुकसान की कोई खबर नहीं आई है। हालांकि भूकंप के झटकों ने शहरवासियों में कुछ देर के लिए दहशत से भर दिया था।

10 किलोमीटर की गहराई में आया था भूकंप

यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर यानी कि EMSC के आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप का केंद्र म्यांमार के अक्याब (Akyab) से करीब 113 किलोमीटर पूर्व में था। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज यानी कि GFZ ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.0 (कुछ रिपोर्टों में 5.9) थी और यह जमीन से केवल 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था। बताया जा रहा है कि इतनी कम गहराई के कारण ही म्यांमार में आए इस भूकंप के झटके कोलकाता तक महसूस हुए। 

बांग्लादेश में भी महसूस किए गए इसके झटके

बता दें कि इस भूकंप के झटके न सिर्फ कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य इलाकों में, बल्कि पड़ोसी बांग्लादेश के भी कई हिस्सों में भी महसूस किए गए। भूकंप को लेकर सोशल मीडिया पर भी हलचल देखने को मिली और लोग इससे जुड़े अनुभव साझा करते नजर आए। भूकंप के झटकों की वजह से कई लोग घरों से बाहर निकल आए थे। EMSC के मुताबिक, पिछले 71 घंटों में म्यांमार में यह तीसरा भूकंप था। इससे पहले रविवार को बांग्लादेश में भूकंप आया था, लेकिन वहां भी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत