80-90 का दशक टीवी के लिए एक सुनहरा दौर था। ये वो समय था जब टीवी पर एक से बढ़कर एक शो आए और दर्शकों ने इन पर खूब प्यार लुटाया। 'रामायण-महाभारत' जैसे पौराणिक धारावाहिक से लेकर 'देख भाई देख' जैसे कॉमेडी शोज को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। हालांकि, 2000 के दशक में भी कई शानदार शोज ने टीवी पर दस्तक दी, जिनमें 'कसौटी जिंदगी की' और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' जैसे शोज शामिल रहे। 2003 में भी एक जबरदस्त शो ने दर्शकों के बीच दस्तक दी, जिसकी कहानी एक स्पेनिश शो का एडाप्टेशन थी। हम बात कर रहे हैं मोना सिंह स्टारर 'जस्सी जैसी कोई नहीं' की।
एक टीवी शो ने बदल दी मोना सिंह की किस्मत
'जस्सी जैसी कोई नहीं' मोना सिंह का सबसे यादगार सीरियल है। इस शो की शुरुआत 2003 में हुई थी और 2006 तक चला था। शो के टोटल 550 एपिसोड आए, जिसके साथ मोना सिंह ने अपनी आइडेंटिटी को भी लंबे समय तक छुपाए रखा। फैंस से लेकर मीडिया हाउसेस तक, सभी जस्सी की असली झलक देखने को बेताब थे, लेकिन लंबे समय तक उन्होंने अपनी पहचान छुपाए रखी और जब मोना का असली चेहरा सामने आया तो हर कोई हैरान रह गया।
इस शो का रीमेक है 'जस्सी जैसी कोई नहीं'
मोना सिंह स्टारर ये शो एक स्पेनिश शो Yo Soy Betty, La Fea का रीमेक था और काफी हिट था। Yo Soy Betty La Fea को सबसे पहले कोलंबिया में रिलीज किया गया था और इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। करीब 80 देशों में इस शो ने धूम मचाई, जिसके बाद 2003 में इसका भारत में रीमेक बनाया गया। मोना सिंह के लीड रोल वाले इस शो को 'जस्सी जैसी कोई नहीं' के नाम से भारत में रिलीज किया गया, जो हिट रहा और तीन साल तक दर्शकों का मनोरंजन करता रहा। इसके बाद अमेरिका में भी इस स्पेनिश शो का रीमेक बना।
शो की कहानी
'जस्सी जैसी कोई नहीं' और Yo Soy Betty, La Fea के अन्य रीमेक की कहानी एक एसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है जो दिखने में अग्ली है। दांतों में ब्रेसेल्स और अजीब हेयरस्टाइल वाली लड़की, जो अंत में एक खूबसूरत महिला के रूप में ट्रांसफॉर्म हो जाती है। उन दिनों शो का कॉन्सेप्ट अपने आप में काफी अनोखा था, जिसके चलते इसे हर भाषा में पसंद किया गया। मोना ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि इस किरदार के लिए उन्हें खासी मेहनत करनी पड़ी थी और अपनी पहचान छुपाए रखने के लिए उन्हें अक्सर दांतों में ब्रेसेज, मोटा चश्मा और विग पहनकर रहना पड़ता था।

लंबे समय तक छुपाकर रखी पहचान
मोना सिंह ने अपने किरदार के चलते लंबे समय तक अपनी पहचान छुपाकर रखी। कोई उन्हें पहचान न ले, इसके चलते उन्हें एक होटल में ठहराया गया और अलग-अलग गाड़ियों से उनका होटल से सेट और सेट से होटल के लिए पिक-ड्रॉप होता था, ताकि उनकी कोई तस्वीर न ले ले। 3 साल तक ये शो चला और दर्शकों का मनोरंजन किया। टीवी के बाद अब मोना सिंह फिल्मों और वेब सीरीज में एक्टिव हो गई हैं।
ये भी पढ़ेंः Grammy 2026: बेस्ट एल्बम से बेस्ट सिंगर तक, किस-किसके हाथ लगा ग्रैमी अवॉर्ड? अनुष्का शंकर को बैड बनी ने दी मात