1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात: दो बसों की टक्कर में बीच में आए 4 वाहन, 8 लोग घायल, एक की गई जान

गुजरात: दो बसों की टक्कर में बीच में आए 4 वाहन, 8 लोग घायल, एक की गई जान

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Dec 24, 2023 09:03 am IST,  Updated : Dec 24, 2023 09:03 am IST

गुजरात के सूरत में एक दो बस की टक्कर की खबर है। हैरानी की बात ये है कि दो बसों की टक्कर में बीच में कुछ दो पहिया वाहन आ गए, जिस कारण करीब 8 लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति की मौत हो गई।

surat bus accident- India TV Hindi
सूरत में हुआ भीषड़ सड़क हादसा Image Source : ANI

गुजरात के सूरत में कल देर रात एक बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 8 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूरत नगर निगम की आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने इस हादसे को लेकर बताया कि एक बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। लगभग नौ लोग घायल हो गए लेकिन उनमें से एक की मौत हो गई। आठ घायलों का इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस की जांच चल रही है। जांच में सब कुछ सामने आने पर सूरत नगर निगम सभी आवश्यक कार्रवाई करेगा।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि गुजरात के सूरत में ‘बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम’(BRTS) की दो बसों के बीच चार दोपहिया वाहन आ गए। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 8 अन्य घायल हो गए। पुलिस उपायुक्त पिनाकिन परमार ने बताया कि एक बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उसके पीछे आ रहे चार दो-पहिया वाहनों की उससे टक्कर हो गई। लेकिन तभी पीछे आ रही एक और बस ने भी उन सभी वाहनों को टक्कर मार दी। परमार ने बताया कि दूसरी बस के चालक को हिरासत में ले लिया गया है और घायलों को पास के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दो दिन पहले ही हुआ बड़ा बस हादसा

बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी बड़ा बस हादसा हुआ था। आज से ठीक दो दिन पहले गोरखपुर में सिकरीगंज थाना क्षेत्र के खजनी तहसील में शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकराकर पलट गई, जिससे दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई और 10 से अधिक घायल हो गए। पुलिस ने बताया था कि जान गंवाने वाले विद्यार्थियों की पहचान साक्षी विश्वकर्मा (10) और प्रतिभा (14) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चे सिकरीगंज इलाके के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना स्कूल से कुछ ही दूरी पर हुई और दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस की मदद से घायल बच्चों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि सिकरीगंज इलाके में सुबह करीब नौ बजे एक निजी स्कूल की बस पलट गई जिसमें 21-22 बच्चे सवार थे।

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।