1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात गोतस्कर इरशाद, दाहिने घुटने में लगी पुलिस की गोली

मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात गोतस्कर इरशाद, दाहिने घुटने में लगी पुलिस की गोली

 Published : Jul 16, 2025 07:33 am IST,  Updated : Jul 16, 2025 07:33 am IST

हरियाणा के पलवल में कुख्यात गोतस्कर इरशाद मुठभेड़ में घायल हो गया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि उसका परिवार भी संगठित अपराध में लिप्त है।

Cow smuggling, Palwal encounter, Irshad arrest, Haryana police action- India TV Hindi
मुठभेड़ के बाद अस्पताल में भर्ती घायल इरशाद। Image Source : PTI

पलवल: हरियाणा के पलवल जिले में मंगलवार को पुलिस ने एक कुख्यात गोतस्कर को गिरफ्तार किया। इस दौरान हुई एक छोटी सी मुठभेड़ में आरोपी को गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय आरोपी का नाम इरशाद है, और वह पलवल के कोट गांव का रहने वाला है। इरशाद के खिलाफ नूंह और पलवल जिलों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, गोवध, पशु क्रूरता और पुलिस पर हमला जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

पैदल भागते हुए पुलिस पर चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह पलवल पुलिस की एक टीम ने होडल-नवलगढ़ रोड पर इरशाद को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही वह अपनी गाड़ी में भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद इरशाद ने पैदल भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली इरशाद के दाहिने घुटने में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

इरशाद के परिजनों पर भी दर्ज हैं कई केस

पलवल के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'जांच में पता चला कि इरशाद का परिवार भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है। उसके पिता नसरू और दो भाइयों, आजाद और तौफीक, के खिलाफ गोवध और पुलिस पर हमले जैसे 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।' इरशाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

हरियाणा में गंभीर है गोतस्करी की समस्या

बता दें कि हरियाणा में गोतस्करी एक गंभीर समस्या बनी हुई है, खासकर नूंह, पलवल और फरीदाबाद जैसे जिलों में। यहां गोवध और पशु तस्करी के मामले अक्सर सामने आते हैं। गोतस्कर अक्सर संगठित गिरोहों में काम करते हैं और पुलिस तक पर हमला करने से भी नहीं हिचकते। हरियाणा सरकार ने गोवध पर सख्त कानून बनाए हैं, लेकिन फिर भी तस्करी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। पुलिस लगातार ऐसी घटनाओं पर नकेल कसने के लिए अभियान चला रही है। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।