1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में यादव समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है कांग्रेस, आलाकमान को मंजूरी के लिए भेजे गए ये 3 तीन

हरियाणा में यादव समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है कांग्रेस, आलाकमान को मंजूरी के लिए भेजे गए ये 3 तीन

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 23, 2025 06:44 pm IST,  Updated : Sep 23, 2025 06:49 pm IST

हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के लिए तीन नेताओं के नाम आगे चल रहे हैं। ये तीनों नाम दक्षिण हरियाणा से हैं। पार्टी ओबीसी समुदाय से प्रदेश अध्यक्ष तो जाट समुदाय से नेता प्रतिपक्ष बना सकती है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः हरियाणा में कांग्रेस जल्द अपने प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान करेगी। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस यादव समुदाय से किसी व्यक्ति को हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष बनाएगी। पार्टी प्रभारी की तरफ से आलाकमान को तीन नामों का एक पैनल भेजा गया है। इसमें तीन नामों की सूची आलाकमान को दी गई है। जिसमें राव दान सिंह, हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रहे राव नरेंद्र सिंह और कांग्रेस के अति पिछड़ा वर्ग विभाग के पूर्व अध्यक्ष कैप्टेन अजय यादव के नाम शामिल हैं। इन्हीं तीन में से पार्टी आलाकमान किसी एक नाम पर मोहर लगाकर राज्य का अध्यक्ष बनाएगी।

अहिरवार बेल्ट से होगा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

सूत्रों के अनुसार, अहिरवार बेल्ट यानी दक्षिण हरियाणा में मजबूती के लिए अध्यक्ष इसी बेल्ट से होगा। ऐसा करके कांग्रेस जहां एक तरफ राज्य में पिछड़ा वर्ग को साधने का प्रयास कर रही है तो वहीं अहिरवार यानी दक्षिण हरियाणा में अपने आप को मजबूत भी करने का प्रयास है।

अहिरवार बेल्ट में कांग्रेस सबसे ज्यादा कमजोर

दक्षिण हरियाणा में लगभग 25 विधान सभा सीट हैं। बीते विधानसभा चुनाव कांग्रेस सिर्फ नांगल चौधरी सीट ही पाई थी। दक्षिण हरियाणा में फरीदाबाद ,पलवल, मेवात, गुड़गांव, रेवाड़ी, नारनौल-महेंद्रगढ़ जिले आते हैं। पिछले दो विधान सभा से इस क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। 

कांग्रेस पिछली दो विधानसभा चुनावों में कोई कमाल नहीं कर पाई है और लगातार राज्य में पिछड़ा वर्ग पार्टी के हाथ से खिसकता जा रहा है। ऐसे में राज्य में किसी यादव समाज के व्यक्ति को अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस इस परिपाटी को बदलना चाहती है।

जाट समुदाय से हो सकता है नेता प्रतिपक्ष

80 के दशक के बाद कांग्रेस ने यादव समुदाय से किसी को अपना प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया है। आखिरी बार यादव समुदाय से राव निहाल सिंह कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे। लेकिन इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने जाट और दलित समुदाय से ही ज्यादातर लोगों को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। लेकिन अब कांग्रेस अहिरवार में अपने आप को मजबूत बनाने पर काम कर रहीं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी पिछड़ा वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष तो जाट समुदाय से राज्य में नेता विपक्ष नियुक्त कर सकती है। राज्य में नेता विपक्ष का पद लगभग एक साल से खाली पड़ा है। उम्मीद है कि पार्टी जल्द इन दोनों पदों के लिए नामों का ऐलान करेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।