1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने उपचार के लिए किया बेंगलुरु का दौरा, तीन दिन तक रुके, जानें पूरा मामला

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने उपचार के लिए किया बेंगलुरु का दौरा, तीन दिन तक रुके, जानें पूरा मामला

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Oct 30, 2024 11:21 pm IST,  Updated : Oct 30, 2024 11:49 pm IST

ब्रिटेन के महाराजा किंग चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी महारानी कैमिला बेंगलुरु में उपचार के लिए तीन दिन तक रुके थे। वह बुधवार को वापस ब्रिटेन रवाना हो गए हैं।

बेंगलुरु में रुके थे किंग चार्ल्स।- India TV Hindi
बेंगलुरु में रुके थे किंग चार्ल्स। Image Source : AP

ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने भारत के कर्नाटक राज्य के बेंगलुरु में तीन दिन का समय बिताया है। जानकारी के मुताबिक, किंग चार्ल्स तृतीय उनकी पत्नी महारानी कैमिला के साथ बेंगलुरु आए और एक एकीकृत चिकित्सा केंद्र में तीन दिन का समय बिताया है। बेंगलुरु के सूत्रों ने बुधवार को बताया है कि किंग चार्ल्स और महारानी कैमिला राष्ट्रमंडल की एक बैठक में शामिल होने के बाद सामोआ से ब्रिटेन जाते हुए रास्ते में बेंगलुरु में ठहरे थे।

तीन दिन तक रुके

किंग चार्ल्स और उनकी पत्नी के बेंगलुरु में ठहरने को लेकर एक अधिकारी ने बताया है कि शाही दंपति तीन दिन की यात्रा के दौरान व्हाइटफील्ड के पास ठहरे हुए थे। जिस केंद्र में दोनों ठहरे थे उस समग्र स्वास्थ्य केंद्र को योग और ध्यान सत्रों और उपचारों सहित कायाकल्प उपचार के लिए जाना जाता है। किंग चार्ल्स और उनकी पत्नी ने सामोआ से ब्रिटेन वापसी की लंबी यात्रा में भारत को पड़ाव बनाया था। दंपति तीन दिन तक बेंगलुरु में रहे और बुधवार की सुबह शहर से चले गए।

बकिंघम पैलेस ने क्या बताया?

ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय की इस निजी यात्रा के बारे में बकिंघम पैलेस की ओर से भी संकेत सामने आए हैं। बताया गया है कि महाराजा की ये यात्रा स्वास्थ्य संबंधी या उनके कैंसर के उपचार से संबंधित नहीं थी। यह दौरा उनकी लंबी यात्रा के बीच में डॉक्टर के सुझाव के अनुसार उचित आराम के तहत किया गया। अधिकारियों ने बताया है कि चार्ल्स तृतीय ने विभिन्न स्वास्थ्य उपचारों के तहत विशेष आहार और कायाकल्प उपचार लिया, जिसमें ध्यान और चिकित्सा भी शामिल थी।

कहां कराया उपचार?

जानकारी के मुताबिक, किंग चार्ल्स और उनकी पत्नी बेंगलुरु के सामेथनहल्ली में ‘सौक्या’ अंतरराष्ट्रीय समग्र केंद्र में रुके थे। इस केंद्र को डॉ इसाक मथाई चलाते हैं। वह बीते साल महाराजा के राज्याभिषेक में शामिल होने वाले गिने-चुने भारतीय लोगों में से एक थे। इससे पहले 2019 में किंग चार्ल्स ने अपना 71वां जन्मदिन इसी केंद्र में मनाया था। जानकारी के मुताबिक, किंग चार्ल्स ने केंद्र के 30 एकड़ के परिसर में लंबी सैर का आनंद लिया और जैविक खेतों में भी सैर पर गए। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- चीन के साथ रिश्तों पर राजनाथ सिंह का बड़ा बयान, कहा- 'आम सहमति से शांति चाहता है भारत'

बॉलीवुड स्टार सलमान खान को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ की मांगी थी फिरौती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत