Friday, March 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी: जेल में कैदी कर रहे थे ‘ऐश’, लहराया गया था तंमचा, 4 कर्मचारियों पर गिरी गाज

यूपी: जेल में कैदी कर रहे थे ‘ऐश’, लहराया गया था तंमचा, 4 कर्मचारियों पर गिरी गाज

Edited by: IndiaTV Hindi Desk Published : Jun 27, 2019 01:45 pm IST, Updated : Jun 27, 2019 01:48 pm IST

उन्नाव जेल से सम्बन्धित एक वीडियो में हत्या का सजायाफ्ता अमरीश और कई मामलों में जेल में बंद गौरव प्रताप सिंह तमंचा लहराते दिखे हैं।

Inmates at the Unnao jail seen in a viral video brandishing weapons | ANI- India TV Hindi
Inmates at the Unnao jail seen in a viral video brandishing weapons | ANI

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की उन्नाव जेल में एक कैदी के कथित तमंचा लेकर फिल्मी अंदाज में खड़े होने और बैरक में खाने-पीने की चीजें रखी होने सम्बन्धी वीडियो के मामले में हेड जेल वॉर्डन समेत 4 कारागार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गृह विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उन्नाव जेल से सम्बन्धित एक वीडियो में हत्या का सजायाफ्ता अमरीश और कई मामलों में जेल में बंद गौरव प्रताप सिंह तमंचा लहराते दिखे हैं। इसके अलावा बैरक में खाने-पीने की चीजें भी दिख रही हैं।

‘प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए हुई घटना’

अपर पुलिस महानिदेशक (कारागार) आनन्द कुमार ने इसे गम्भीर विषय बताते हुए कहा कि मामले की जांच में पता चला है कि जेल में कुछ कर्मचारियों की मदद से जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए यह घटना अंजाम दी गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जेल के हेड वॉर्डन माता प्रसाद, हेमराज, जेल वार्डर अवधेश साहू और सलीम खां की मिलीभगत पाई गई है और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कुमार ने बताया कि वायरल हुआ वीडियो फरवरी माह का वीडियो है। इसमें दिख रहे बंदी अमरीश को मेरठ से जबकि गौरव को लखनऊ से उन्नाव जेल लाया गया था।


‘वीडियो में दिख रहा तमंचा मिट्टी का’
इस बीच, राज्य पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक मामले की छानबीन में पता चला है कि बंदी गौरव बहुत अच्छा पेंटर है और वीडियो में जो तमंचा दिख रहा है, वह मिट्टी का बना है। इसके अलावा खाने-पीने की जो चीजें वीडियो में दिखायी दे रही हैं, वह जेल में बंदियों को नियमित रूप से दी जाने वाली सामग्री है। उसमें कोई भी चीज ऐसी नहीं है जो बाहर से आई हो या आपत्तिजनक हो। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कारागार अक्सर ऐसी घटनाओं की वजह से सुर्खियों में रहते हैं। 

अपराधियों ने प्रदेश सरकार को दी थी चुनौती
इस बार वायरल वीडियो में अपराधी खुलेआम प्रदेश सरकार को चुनौती देते हुए यह कहते नजर आ रहे हैं कि मेरठ जेल हो या फिर उन्नाव, वे प्रदेश की किसी भी जेल को कार्यालय बना देंगे। वे अपने पास तमंचों के साथ ही मोबाइल को भी दिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बदमाश गौरव के पास असलहा है और वह वीडियो में धमकी देता नजर आ रहा है कि वह कहीं भी किसी को मार सकता है। दूसरे वीडियो में मेरठ के बदमाश अमरीश के पास भी तमंचा दिखता है। वह यह कहता दिखता है कि योगी सरकार ने उसे मेरठ से उन्नाव भेजा है। मेरठ हो या उन्नाव, वह किसी भी जेल को कार्यालय बना सकता है।

Latest Uttar Pradesh News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement