1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. पेट्रोल पंप पर ATM कार्ड से तेल डलवाने वाले सावधान! खाते से पैसे निकालने वाले गिरोह का भंडाफोड़

पेट्रोल पंप पर ATM कार्ड से तेल डलवाने वाले सावधान! खाते से पैसे निकालने वाले गिरोह का भंडाफोड़

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 14, 2022 04:52 pm IST,  Updated : Mar 14, 2022 04:52 pm IST

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने वाले लोग जब भुगतान करने के लिए सेल्समैन को अपना एटीएम कार्ड देते तो आरोपी अपने पास रखी स्कैनर मशीन से एटीएम कार्ड को स्कैन कर लेते और उसकी सहायता से एटीएम का क्लोन बना लेते थे।

petrol pump ATM card Beware- India TV Hindi
petrol pump ATM card Beware Image Source : INDIA TV

Highlights

  • पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने वाले लोगों के एटीएम कार्ड को हैक करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
  • पुलिस ने इस मामले में 3 को गिरफ्तार किया है जबकि इनके 3 साथी फरार हैं
  • जानिए कैसे एटीएम का क्लोन बना लेते थे?

नोएडा (उप्र): अगर आप भी पेट्रोल पंप पर ATM कार्ड से तेल डलवाते हैं तो ये खबर आपके काम की है। आजकल हैकर ऑनलाइन फ्रॉड के तमाम तरीकों से लोगों के बैंक खाते में सेंध लगा रहे हैं। यूपी पुलिस ने सोमवार को एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है जो पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने वाले लोगों के एटीएम कार्ड को हैक करके उसका क्लोन बनाकर उनके खाते से पैसे निकाल लेता था। 

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनके तीन साथी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाला कर्मचारी है। बीटा-2 के थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर सोमवार को पुलिस ने आरोपी तरुण, विकास तथा पंकज को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि तरुण एच्छर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर काम करता था। 

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने वाले लोग जब भुगतान करने के लिए सेल्समैन को अपना एटीएम कार्ड देते तो आरोपी अपने पास रखी स्कैनर मशीन से एटीएम कार्ड को स्कैन कर लेते और उसकी सहायता से एटीएम का क्लोन बना लेते थे। इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ित द्वारा भुगतान करते समय एटीएम कार्ड का पिन कोड भी हासिल कर लेते थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि एटीएम कार्ड का क्लोन बनाने के बाद ठग मुंबई, महाराष्ट्र और कोलकाता में रहने वाले अपने दोस्तों के माध्यम से पीड़ितों के खाते से पैसा निकाल लेते थे। उन्होंने बताया कि गिरोह के तीन लोग अभी फरार हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर सेल्समैन के रूप में इस तरह के ठग कार्यरत हैं, जो आम लोगों के एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर उनके खाते से पैसे निकाल रहे हैं। 

सिंह ने कहा कि मामले में कुछ और लोगों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने स्कैनर मशीन, मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अब तक एक हजार से ज्यादा लोगों के एटीएम का डाटा हैक कर पैसे निकालने की बात स्वीकार की है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत