Wednesday, February 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. भारी बारिश के कारण बॉम्बे हाई कोर्ट में दोपहर तक ही हुआ कामकाज, स्कूल-दफ्तर बंद, प्राइवेट कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम

भारी बारिश के कारण बॉम्बे हाई कोर्ट में दोपहर तक ही हुआ कामकाज, स्कूल-दफ्तर बंद, प्राइवेट कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Aug 19, 2025 02:52 pm IST, Updated : Aug 19, 2025 02:52 pm IST

लगातार बारिश से मुंबई के हालात बिगड़ गए हैं। स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। कई वकीलों ने सोमवार और मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में अपनी दलीलें पेश कीं।

bombay high court- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO बॉम्बे हाई कोर्ट

मुंबई: बॉम्बे हाई कोर्ट ने मंगलवार को मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अपनी कार्यवाही दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक ही सीमित रखी। सामान्य तौर पर हाई कोर्ट में सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक कार्य होता है। भारी बारिश की वजह से शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। निचले इलाकों में पानी भर गया है। बारिश की वजह से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ, जबकि सरकारी कार्यालयों को भी बंद करना पड़ा।

हाई कोर्ट ने जारी किया था नोटिस

हाई कोर्ट की ओर से सुबह जारी एक नोटिस में कहा गया कि खराब मौसम और भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए तथा वकीलों और कर्मचारियों को आवागमन में हो रही दिक्कतों के कारण अदालतें केवल दोपहर बारह बज कर तीस मिनट तक ही कार्य करेंगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दोपहर एक बजे तक कार्यालय छोड़ने की अनुमति दी गई है।

वकीलों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से दलीलें पेश कीं

रविवार और सोमवार के बाद मंगलवार को भी मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इस बीच, कई वकीलों ने सोमवार और मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में अपनी दलीलें पेश कीं। भारत मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों में मंगलवार को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका जताई है। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये रंग और इनके संदेश- ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं।

प्राइवेट कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम

लगातार बारिश से मुंबई के हालात बिगड़ गए हैं। स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। प्राइवेट कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने को कहा है। कई इलाकों में जलजमाव हो गया था और यातायात प्रभावित हुआ था।

(भाषा इनपुट्स के साथ)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement