1. Hindi News
  2. नॉर्थ ईस्ट
  3. मणिपुर
  4. मणिपुर में 3 नाबालिगों समेत 5 उग्रवादी पकड़े गए, जबरन वसूली और तस्करी में थे शामिल

मणिपुर में 3 नाबालिगों समेत 5 उग्रवादी पकड़े गए, जबरन वसूली और तस्करी में थे शामिल

 Published : Mar 05, 2025 11:43 am IST,  Updated : Mar 05, 2025 11:43 am IST

मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल पूर्व जिलों में 3 नाबालिगों समेत 5 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 4 उग्रवादी 'यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी' (UKNA) से जुड़े थे और जबरन वसूली, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में संलिप्त थे।

Manipur, Manipur News, Manipur Militants, Manipur Smuggling- India TV Hindi
मणिपुर पुलिस ने MFL के भी एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। Image Source : X.COM/MANIPUR_POLICE

इंफाल: मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल पूर्व जिलों में अलग-अलग अभियानों में 3 नाबालिगों समेत 5 उग्रवादियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को चुराचांदपुर के बेथेल इलाके से 19 साल के युवक को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 3 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे सभी बैन किए जा चुके संगठन ‘यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी’ यानी कि UKNA से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि वे स्थानीय व्यापारियों से जबरन वसूली, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी में कथित तौर पर संलिप्त थे।

उग्रवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद

अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए उग्रवादियों के पास से 2 पिस्तौलें बरामद की गई हैं। एक अन्य ऑपरेशन में मंगलवार को इंफाल पूर्व में ‘ओल्ड मॉडर्न कॉलेज गेट’ से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी यानी कि MFL के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि वह आम लोगों, स्थानीय व्यापारियों और सरकारी अधिकारियों से जबरन वसूली में कथित तौर पर संलिप्त था। पकड़े गए उग्रवादी के पास से 10 हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया गया है। बता दें कि मणिपुर में तस्करी और वसूली सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा सिरदर्द है।

मणिपुर के घाटी जिलों में लौटाए गए और भी हथियार

वहीं, मणिपुर के 3 घाटी जिलों में लोगों ने 16 प्रकार के हथियार और गोला-बारूद सुरक्षा बलों को सौंपे। बता दें कि सूबे के गवर्नर अजय कुमार भल्ला ने 20 फरवरी को राज्य के लोगों से लूटे गए और अवैध रूप से रखे गए हथियारों को 7 दिनों के भीतर स्वेच्छा से सौंपने का आग्रह किया था और आश्वासन दिया था कि उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। बाद में उन्होंने पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों के लोगों की मांग पर समय सीमा 6 मार्च शाम चार बजे तक के लिए बढ़ा दी थी। गवर्नर के आग्रह पर लोगों ने काफी बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद सुरक्षा बलों को सौंपे हैं। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Manipur से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें नॉर्थ ईस्ट