1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का एशिया कप से कटेगा पत्ता! पीसीबी को लेना है बड़ा फैसला

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का एशिया कप से कटेगा पत्ता! पीसीबी को लेना है बड़ा फैसला

 Published : Aug 11, 2025 11:36 am IST,  Updated : Aug 11, 2025 11:36 am IST

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का बल्ला नहीं चल रहा है। ऐसे में इस बात की पूरी आशंका है कि एशिया कप की टीम से इनका पत्ता कट सकता है।

babar azam and mohammad rizwan- India TV Hindi
बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान Image Source : GETTY

 

West Indies vs Pakistan ODI Series: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है, जहां टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज समाप्त हो चुकी है और अब वनडे की बारी है। तीन मैचों की वनडे सीरीज के दो मुकाबले हो चुके हैं और अब तक दोनों टीमें एक एक मैच जीतकर बराबरी पर हैं। सीरीज का आखिरी मैच अब काफी ज्यादा अहम हो गया है। इस बीच बाबर आजम और वनडे के कप्तान मोहम्मद रिजवान का फ्लॉप शो जारी है। उनके बल्ले से रन नहीं बन रहे हैं। ऐसे में अब इस बात की आशंका गहरा गई है कि बाबर और रिजवान का पत्ता एशिया कप की टीम से हो जाएगा। हालां​कि पीसीबी यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को इस मामले पर बड़ा फैसला लेना है। 

पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर हैं रिजवान और बाबर

एशिया कप का आयोजन अगले महीने यानी सितंबर में होगा। इसी महीने के आखिर में इसके लिए टीमों का ऐलान भी शुरू हो जाएगा। शेड्यूल तो पहले ही जारी हो चुका है। इस बार का एशिया कप टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। मजे की बात ये है कि पूर्व कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पहले से ही पाकिस्तान की टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं। जब इसी सीरीज के दौरान पाकिस्तानी टीम वेस्टइंडीज से टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेल रही थी, उस टीम में बाबर और रिजवान नहीं थे। लेकिन वनडे में उन्हें शामिल किया गया है। 

बाबर आजम के बल्ले से नहीं बन रहे हैं रन

अब पहले दो वनडे मैचों में वेस्टइंडीज के खिलाफ बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का प्रदर्शन जिस तरह का रहा है, उससे नहीं लगता कि एशिया कप के लिए इन दोनों की वापसी पाकिस्तानी टीम में हो पाएगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में बाबर आजम ने भले ही 47 रनों की पारी खेली हो, लेकिन इसके लिए उन्होंने 64 बॉल का सामना किया। बाबर आम ने इस पारी के दौरान पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 73.43 का रहा। इसके बाद दूसरे मैच में तो बाबर अपना खाता भी नहीं खोल पाए और शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। 

कप्तान रिजवान भी रन बनाने के लिए जूझ रहे

वनडे के कप्तान मोहम्मद​ रिजवान का हाल भी कुछ अच्छा नहीं है। रिजवान ने सीरीज के पहले मैच में 53 रन बनाए और इसके लिए 69 बॉल का सामना किया। इस दौरान वे केवल चार चौके लगा पाए, छक्का एक भी नहीं था। उनका स्ट्राइक रेट 76.81 का रहा। दूसरे मैच में तो हालत और भी खराब रही। इस मैच में रिजवान ने केवल 16 रन बनाए और इसके लिए 38 बॉल खेलीं। उनके बल्ले से केवल दो चौके आए। रिजवान का स्ट्राइक रेट केवल 42.10 कर रहा। 

एशिया कप के लिए टीम में वापसी मुश्किल

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को इसीलिए टी20 टीम से बाहर किया गया है कि उनका स्ट्राइक रेट काफी कम है और टी20 हिसाब से नहीं है। इस सीरीज में इन दोनों के पास मौका था कि तेज बल्लेबाजी कर साबित करें कि वे अभी तेजी के साथ रन बना सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब इस बात की संभावना काफी कम है कि इनकी वापसी एशिया कप के लिए टी20 टीम में हो पाएगी। हालांकि देखना होगा कि इस महीने के अंत में जब टीम घोषित की जाएगी तो पीसीबी क्या फैसला करता है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल