1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नूपुर शर्मा ने की PM मोदी की तारीफ, बाबरी मस्जिद निर्माण पर भी दिया बयान, जानें क्या-क्या कहा?

नूपुर शर्मा ने की PM मोदी की तारीफ, बाबरी मस्जिद निर्माण पर भी दिया बयान, जानें क्या-क्या कहा?

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Feb 13, 2026 11:26 pm IST,  Updated : Feb 13, 2026 11:41 pm IST

BJP की निलंबित पदाधिकारी नूपुर शर्मा ने PM मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं। उन्होंने BJP सरकार की लखपति दीदी स्कीम की तारीफ की। साथ ही बताया कि PM मोदी अपने तीसरे कार्यकाल को महिलाओं को समर्पित बता चुके हैं।

Nupur sharma- India TV Hindi
नूपुर शर्मा ने PM मोदी के तीसरे टर्म को महिलाओं को समर्पित बताया। Image Source : ANI

Nupur Sharma Statement: यूपी के बुलंदशहर पहुंचीं BJP की निलंबित पदाधिकारी नूपुर शर्मा ने PM मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा, 'मैं देशभर की सभी बहनों को याद दिलाना चाहती हूं कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार सरकार में आए थे, तब उन्होंने कहा था कि उनका तीसरा कार्यकाल बहनों के नाम होगा। उन्होंने लखपति दीदी योजना को लेकर भी अपील की थी। इसीलिए आज इस कार्यक्रम में मेरा मैसेज यही है कि बहनों को न सिर्फ शिक्षित और प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, बल्कि उन्हें सशक्त भी बनाया जाए।

महिलाओं के लिए हो सुरक्षित वातावरण

नूपुर शर्मा ने आगे कहा, 'महिलाओं को अपनी सुरक्षा का ध्यान खुद रखना चाहिए। सभी कॉलेजों में सेल्फ डिफेंस के कोर्स शुरू किए जाने चाहिए और बहनों के रहने के लिए एक सुरक्षित वातावरण होना चाहिए। इसलिए आज मैं इसी मैसेज के साथ आई हूं।'

बाबरी मस्जिद निर्माण का स्वतः संज्ञान ले कोर्ट

वहीं, पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण विवाद पर नूपुर शर्मा बोलीं, 'जब सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आ चुका है तो यह सीधी चुनौती सुप्रीम कोर्ट को है। न्यायालय को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए।' बता दें कि मुर्शिदाबाद में इन दिनों हुमायूं कबीर बाबरी मस्जिद का निर्माण कराने में जुटे हैं। इसी वजह से यह मुद्दा चर्चा में है। हुमायूं कबीर पहले TMC के विधायक थे। अब ममता बनर्जी की पार्टी से अलग होने के बाद वह अपने नए सियासी दल जनता उन्नयन पार्टी के साथ पश्चिम बंगाल चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

वंदे मातरम का विरोध करने वालों पर साधा निशाना

वंदे मातरम पर उन्होंने कहा कि जो देश से प्रेम नहीं करते, जिनकी राष्ट्रविरोधी विचारधाराएं हैं, वे वंदे मातरम का विरोध करेंगे। जान लें कि यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि गृह मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि अब से सरकारी कार्यक्रमों और स्कूलों में वंदे मातरम के सभी 6 अंतरे गाने होंगे। इसे गाए जाने के दौरान खड़ा होना अनिवार्य होगा।

नूपुर शर्मा कौन हैं?

नूपुर शर्मा BJP की एक पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता और एडवोकेट हैं। वह 2022 में पैगंबर मोहम्मद पर अपनी विवादास्पद टिप्पणी की वजह से इंटरनेशनल लेवल पर चर्चा में आ गई थीं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की है। नूपुर शर्मा ABVP के जरिए छात्र राजनीति में आईं। बाद में वह BJP की राष्ट्रीय प्रवक्ता भी बनीं। साल 2015 में, नूपुर शर्मा ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

ये भी पढ़ें- PM मोदी के न्योते पर भारत आ रहे फ्रांस-ब्राजील के राष्ट्रपति समेत 20 देशों के बड़े नेता, पढ़ें पूरी लिस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।