लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र का तीसरा दिन बेहद खास है। सदन की कार्यवाही 24घंटे लगातार चलेगी। सदन की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से शुरू होकर कल सुबह 11 बजे तक चलेगी। इस सेशन के दौरान विकसित उत्तर प्रदेश के विजन डॉक्यूमेंट पर खास चर्चा होगी। इस खास चर्चा के लिए यह 24 घंटे का सेशन रखा गया।
विधानसभा में कितने मंत्री बोलेंगे?
जानकारी के मुताबिक सरकार की ओर से विधानसभा में 28 और विधान परिषद में 18 मंत्री बोलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अगस्त को इस चर्चा का जवाब देंगे। वहीं इस दौरान सदन में हर समय मंत्रियों की अनिवार्य मौजूदगी के लिए 28 मंत्रियों का रोस्टर तैयार किया गया है। यह रोस्टर आज शाम 6 बजे से गुरुवार सुबह 11 बजे तक लागू रहेगा। इसे कुल 6 शिफ्ट में बांटा गया है। एक शिफ्ट दो घंटे और बाकी शिफ्ट तीन-तीन घंटे की होगी।
क्यों खास है यह सेशन?
दरअसल विकसित उत्तर प्रदेश के विजन डॉक्यूमेंट के जरिए योगी सरकार राज्य के विकास को लेकर अपना विजन प्रस्तुत करेगी। मानसून सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कह चुके हैं कि यह सत्र स्वतंत्रता के अमृत काल के तीसरे वर्ष में होने के साथ-साथ राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसमें सरकार अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना को सदन के पटल पर रखेगी।
सीएम योगी कह चुके हैं कि ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ का दृष्टिकोण लेकर आगे बढ़ रही है। इसको नीति आयोग और विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 13 और 14 अगस्त को 24 घंटे इस दृष्टिकोण पर सदन में चर्चा होगी।’’ बता दें कि इस प्रस्ताव पर सर्वदलीय बैठक में सभी नेताओं के बीच इस पर सहमति बनी है। सीएम योगी यह कह चुके हैं कि यह चर्चा न केवल विधानसभा और विधान परिषद में होगी, बल्कि आम जनता की राय भी इसमें शामिल की जाएगी।
संपादक की पसंद