प्रकृति के हमें एक से बढ़कर एक अनोखे चमत्कार दिखाते रहती है। इनमें से ही एक चमत्कार है वेनेजुएला की कैटाटुम्बो नदी के पास होने वाला "बिजली वाला तूफान"। जिसे दुनिया भर में "लाइटनिंग कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड" के नाम से जाना जाता है। यहाँ लगभग हर रात 10 घंटे तक आसमान में बिजली चमकती है, जो यहां एक अनोखा और रहस्यमयी दृश्य बनाती है। आज हम इसी प्राकृतिक चमत्कार के बारे में जानेंगे।
कहाँ है कैटाटुम्बो लाइटनिंग?
कैटाटुम्बो लाइटनिंग वेनेजुएला के जुलिया राज्य में, कैटाटुम्बो नदी और माराकाइबो झील के मिलन स्थल पर देखी जाती है। यह क्षेत्र अपनी अनोखी भौगोलिक स्थिति के कारण इस घटना का केंद्र है। आसपास के पहाड़, गर्म हवाएँ और झील से उठने वाली नमी इस बिजली के तूफान को जन्म देती हैं।

हर रात बिजली का नजारा
कैटाटुम्बो लाइटनिंग की सबसे खास बात यह है कि यहां साल में लगभग 280 रातें होती हैं। रात 7 बजे से शुरू होकर सुबह 5 बजे तक, यानी करीब 10 घंटे तक, आसमान में लगातार बिजली चमकती रहती है। एक रात में औसतन 160 से 300 बार बिजली कड़कती है, और यह बिजली बिना बारिश या गड़गड़ाहट के चमकती है, जिसे "साइलेंट लाइटनिंग" भी कहा जाता है।
"लाइटनिंग कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड"
इस अनोखी घटना के कारण कैटाटुम्बो को "लाइटनिंग कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड" का खिताब मिला है। यहाँ प्रति वर्ग किलोमीटर हर साल औसतन 250 बार बिजली गिरती है, जो इसे दुनिया में सबसे ज्यादा बिजली गिरने वाली जगह बनाता है। यह नजारा इतना शानदार होता है कि इसे 50 किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है। पुराने समय में नाविक इसे "प्राकृतिक लाइटहाउस" मानकर अपनी दिशा तय करते थे।

क्या है असली वजह
वैज्ञानिकों के अनुसार, इस घटना का कारण क्षेत्र की अनोखी जलवायु और भौगोलिक स्थिति है। माराकाइबो झील के ऊपर गर्म और नम हवाएँ उठती हैं, जो ठंडी हवाओं से टकराती हैं। आसपास के एंडीज पहाड़ हवाओं को रोकते हैं, जिससे बादल बनते हैं और बिजली पैदा होती है। इसके अलावा, झील के नीचे मौजूद तेल भंडार से निकलने वाली मीथेन गैस भी इस प्रक्रिया को तेज करती है।
प्राकृतिक चमत्कार को देखने हर साल हजारों लोग पहुंचते हैं
कैटाटुम्बो लाइटनिंग अब एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण बन चुकी है। हर साल हजारों लोग इस प्राकृतिक चमत्कार को देखने के लिए वेनेजुएला आते हैं। स्थानीय गाइड नावों के जरिए पर्यटकों को झील के बीच ले जाते हैं, जहाँ से वे इस शानदार नजारे का आनंद ले सकते हैं। यह घटना न सिर्फ वैज्ञानिकों के लिए अध्ययन का विषय है, बल्कि वेनेजुएला की संस्कृति और पहचान का भी हिस्सा है। इसे जुलिया राज्य का प्रतीक भी माना जाता है।

ये भी पढ़ें:
मछली के साथ तैरना और उनकी बातें सुनना, ये है दुनिया का सबसे अजीबोगरीब शौक
मछली जो हवा में उड़ सकती है, 30 KM प्रति घंटे की रफ्तार से भरती हैं उड़ान