1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. रात के अंधेरे में मिल रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, गांव वालों ने पकड़कर करा दी शादी, पकड़ौआ विवाह का वीडियो वायरल

रात के अंधेरे में मिल रहे थे प्रेमी-प्रेमिका, गांव वालों ने पकड़कर करा दी शादी, पकड़ौआ विवाह का वीडियो वायरल

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Feb 04, 2026 02:40 pm IST,  Updated : Feb 04, 2026 03:43 pm IST

बिहार के सुपौल में ग्रामीणों ने कपल की शादी जबरदस्ती करा दी। लड़का बालिग है जबकि लड़की नाबालिग है। इसकी वजह से इस शादी पर विवाद हो गया है।

प्रेमी-प्रेमिका की तस्वीर- India TV Hindi
प्रेमी-प्रेमिका की तस्वीर Image Source : REPORTER

सुपौल: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हाई-वोल्टेज पकड़ौआ विवाह का वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के वार्ड 10 से जुड़ा बताया जा रहा है,जहां प्रेम कहानी अचानक पकड़ौआ विवाह और फिर विवाद में बदल गई। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार,यह पूरा मामला कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। 

ग्रामीणों ने कराई जबरन शादी

आरोप है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, लेकिन वहां पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर जबरन विवाह करा दिया गया। इस घटना को लोग पारंपरिक ‘पकड़ौआ विवाह’ से जोड़कर देख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक,करीब दो दिन पूर्व संध्या लगभग 5 बजे एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने राजेश्वरी पूर्वी पंचायत के वार्ड 10 पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजन और कुछ ग्रामीण वहां आ गए। इसके बाद युवक को पकड़ लिया गया और वहीं शादी की रस्में पूरी कर दी गईं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ग्रामीण ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया,जो अब फेसबुक,व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।

लड़का बालिग और लड़की नाबालिग

वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण प्रेमी जोड़े से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक ने अपनी उम्र 22 वर्ष बताई है, जबकि लड़की ने अपनी उम्र मात्र 15 वर्ष बताई है। लड़की के खुद को नाबालिग बताने के दावे ने पूरे मामले को मनोरंजन से हटाकर गंभीर कानूनी मोड़ पर ला खड़ा कर दिया है।

पकड़ौआ विवाह का वीडियो वायरल

जानकारी के अनुसार,लड़की सुपौल जिले की बताई जा रही है, जबकि युवक मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर महेश का निवासी निरंजन यादव बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होते ही ग्रामीण इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोग इसे पारंपरिक पकड़ौआ विवाह करार दे रहे हैं तो वहीं कई लोग इसे नाबालिग विवाह और कानून के उल्लंघन का मामला बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि क्या ऐसे मामलों में कानून आंख मूंद लेता है?

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सूत्रों का कहना है कि वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की सत्यता की जांच बेहद जरूरी है। यदि लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होती है, तो यह मामला बाल विवाह निषेध कानून समेत अन्य धाराओं में गंभीर कानूनी दायरे में आ सकता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो को कितनी गंभीरता से लेता है, जांच किस दिशा में जाती है और सच्चाई सामने आने के बाद किस पर कार्रवाई होती है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों और चौपाल तक चर्चा का सबसे गर्म मुद्दा बना हुआ है। मामले को लेकर के जब सुपौल जिले के राजेश्वरी थानाध्यक्ष से आज बात की गई तो उन्होंने बताया कि मेरे संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है।

रिपोर्ट- संत सरोज, सुपौल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।