1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या, इंडिया में था मोस्ट वांटेड

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या, इंडिया में था मोस्ट वांटेड

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 19, 2023 11:35 am IST,  Updated : Jun 19, 2023 01:38 pm IST

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वह भारत में आतंकियों की वांटेड लिस्ट में शामिल था।

hardeep singh nijjar shot dead- India TV Hindi
हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या Image Source : TWITTER

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उसे गुरुद्वारे के बाहर गोली मार दी गई। कनाडा के गुरुद्वारे के बाहर हुई टारगेट शूटिंग में खालिस्तानी समर्थक निज्जर को कई गोलियां मारी गईं, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर भारतीय एजेंसियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था और एनआईए को उसकी तलाश थी। भारत में हिंसा और अपराध के कई मामलों में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे वांटेड टेररिस्ट की लिस्ट में डाला गया था।

पीटीआई की खबर के मुताबिक खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में एक गुरुद्वारे की पार्किंग में दो युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यहां सोमवार को यह जानकारी दी।

40 आतंकियों की लिस्ट में निज्जर का नाम भी शामिल

भारत सरकार की तरफ से हाल ही में जारी हुई 40 आतंकियों की लिस्ट में निज्जर का भी नाम शामिल था। निज्जर पर पिछले साल पंजाब के जालंधर में एक हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था और  इस हत्याकांड के बाद उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। जानकारी के मुताबिक खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

अमृतपाल की हुई थी गिरफ्तारी

खालिस्तानी संगठन को लेकर भारतीय एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं, हाल ही में वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल समेत उसके तमाम समर्थकों को भी गिरफ्तार कर किया गया है जिनपर आरोप लगा था कि वे भारत में आतंकी साजिश रच रहे थे। अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद बाकी देशों से काम करने वाले खालिस्तान समर्थकों को बड़ा झटका लगा था। कुछ ही दिन पहले अमृतपाल के करीबी और खालिस्तान समर्थक अवतार सिंह खांडा की भी अस्पताल में मौत हुई थी, खांडा भी एनआईए की वांटेड लिस्ट में शामिल था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश