नाइजीरिया के नाइजर राज्य के कासुवान-दाजी गांव में बंदूकधारियों ने हमला कर कत्ले-आम मचा दिया। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में कम से कम 30 ग्रामीणों की मौत मौत हो गई और कई अन्य को अगवा कर लिया गया। यह घटना देश के संघर्षग्रस्त उत्तरी इलाके में जारी हिंसा की लहर का एक हिस्सा है। पुलिस ने रविवार को हमले की पुष्टि की, जबकि वहां के निवासियों ने बताया कि मरने वालों की संख्या ज़्यादा हो सकती है, क्योंकि कुछ लोग अभी तक लापता हैं।
हमलावरों ने बोर्गु स्थानीय सरकारी क्षेत्र के गांव में धावा बोल दिया और ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग की। इतना ही नहीं हमलावरों ने कई घरों और स्थानीय बाज़ार में आग लगा दी। नाइजर राज्य पुलिस के प्रवक्ता वासिउ अबियोदुन के अनुसार, "कुछ निवासियों का मानना है कि मरने वालों की संख्या 37 तक हो सकती है, क्योंकि और भी शव मिल सकते हैं।"
कोंटागोरा सूबा के कैथोलिक चर्च के प्रवक्ता रेव फादर स्टीफन कबीरात ने पुष्टि की कि कासुवान-दाजी गांव पर बंदूकधारियों के हमले में 40 से ज़्यादा लोग मारे गए। हमलावरों द्वारा अगवा किए गए लोगों में कुछ बच्चे भी थे। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक बंदूकधारियों ने घातक हमला करने से पहले लगभग एक सप्ताह तक आस-पास के समुदायों पर नज़र रखी थी।
बंदूकधारियों ने करीब तीन घंटे तक तांडव मचाया। इस हमले के दौरान जो लोग बच गए उनमें दहशत व्याप्त है। वे लोग शवों को निकालने से भी डर रहे थे। सुरक्षा कारणों से नाम न बताने की शर्त पर बात करते हुए निवासी ने कहा, "शव अभी भी वहीं हैं, लेकिन सुरक्षा के बिना हम उन्हें कैसे ला सकते हैं?"
नाइजीरिया में गिरोह अक्सर उन गांवों को निशाना बनाते हैं जहां सुरक्षा बहुत कम या बिल्कुल नहीं होती है। ये गिरोह अक्सर विशाल, सुनसान जंगलों में छिपते हैं, जैसे कि काबे जिले के पास नेशनल पार्क फॉरेस्ट, जहां से हमलावरों के आने का संदेह है। यह इलाका अपराधियों के लिए एक जाना-माना ठिकाना बन गया है। यह हमला पापिरी समुदाय के पास हुआ, जहां नवंबर में एक कैथोलिक स्कूल से 300 से ज़्यादा स्कूली बच्चों और शिक्षकों को अगवा कर लिया गया था।
उधर, उत्तरी नाइजीरिया के योबे प्रांत में नाव पलटने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लापता हैं। योबे आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, शनिवार रात को योबे प्रांत के गारबी कस्बे में योबे नदी के किनारे एक नाव पलट गई। एजेंसी ने बताया कि नाव में स्थानीय बाजार जा रहे निवासी सवार थे। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि नाव में सवार 52 यात्रियों में से 13 को बचा लिया गया है। इन लोगों को मेडिकल हेल्प दी जा रही है। तलाश और बचाव अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां, आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और स्थानीय सामुदायिक स्वयंसेवी लापता यात्रियों का पता लगाने और शवों को बरामद करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।
(इनपुट-एपी/पीटीआई)
संपादक की पसंद