जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका से हैरान करने वाला साथ ही दर्दनाक मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि नवंबर और दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका में खतना प्रक्रियाओं के कारण कम से कम 41 युवकों की मौत हो गई है। यहां खतना युवकों के लिए वयस्क बनने का एक संस्कार है जो अफ्रीका के विभिन्न जातीय समूहों द्वारा सालाना किया जाता है। इसमें दक्षिण अफ्रीका के कुछ हिस्से भी शामिल हैं जिनमें इनमें जोसा, न्देबेले, सोथो और वेन्डा समुदाय शामिल हैं।
परंपरा के अनुसार इस दौरान युवकों को अलग रखा जाता है जहां उन्हें वयस्क होने के मूल्यों और जिम्मेदारियों के बारे में सिखाया जाता है। संस्कार के दौरान खतना वाला हिस्सा हर साल कई युवकों की मौत का कारण बनता है। खतना की अवधि आमतौर पर (जून-जुलाई) और (नवंबर-दिसंबर) की स्कूल छुट्टियों के दौरान होती है।
दक्षिण अफ्रीका के पारंपरिक मामलों के मंत्री वेलेन्कोसिनी हलाबिसा ने स्थानीय प्रसारकों को बताया कि इस साल खतना के दौरान 41 युवकों की मौत हो गई है। उन्होंने सुरक्षा मानकों और चिकित्सा सलाह का पालन ना करने के लिए संस्कार समारोह के आयोजकों और माता-पिता दोनों की लापरवाही को दोषी ठहराया। हलाबिसा ने कहा कि युवकों को अक्सर दी जाने वाली कुछ अप्रमाणिक सलाह यह है कि तेजी से ठीक होने के लिए पानी पीने से बचें।
मंत्री वेलेन्कोसिनी हलाबिसा ने कहा, “कुछ दीक्षा स्कूलों में स्वास्थ्य मानकों को पूरा करने के मामले में लापरवाही है। अगर आप अपने बच्चे को दीक्षा स्कूल में ले जाते हैं, तो आप कभी फॉलो-अप नहीं करते, आप निगरानी नहीं करते, आप यह देखने के लिए वहां नहीं जाते कि बच्चा पानी पीता है या नहीं, आप अपने बच्चे को जोखिम में डाल रहे हैं।” ईस्टर्न केप प्रांत को मौत के लिए एक हॉट स्पॉट के रूप में पहचाना गया है, जहां अब तक कुल 21 मौतें हुई हैं।
हलाबिसा ने कहा कि इन मौतों के मामले में 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें ऐसे माता-पिता भी शामिल हैं जिन्होंने अपने बच्चों को भर्ती कराने के लिए गलत उम्र बताई थी। दक्षिण अफ्रीकी कानून के अनुसार, केवल 16 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बच्चों को ही माता-पिता की सहमति से ऐसे स्कूलों में भेजा जाता है जहां खतना की प्रक्रिया होती है। अफ्रीकी समुदायों में इस तरह का पारंपरिक संस्कार बड़े पैमाने पर किया जाता है, और युवकों की वापसी अक्सर खुशी भरे, सांस्कृतिक समारोहों के साथ होती है।
यह भी पढ़ें:
सऊदी अरब और UAE में बढ़ा टकराव, जानिए इस्लामिक देशों पर क्या पड़ेगा प्रभाव
पाकिस्तान में बढ़ा सियासी बवाल, इमरान खान की बहन अलीमा को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संपादक की पसंद