Tuesday, March 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक और मामला दायर

पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक और मामला दायर

Reported by: Bhasha Published : Jun 27, 2020 09:24 am IST, Updated : Jun 27, 2020 09:24 am IST

पाकिस्तान के भ्रष्टाचार रोधी निकाय ने भूमि संबंधी एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, जांग/जियो मीडिया समूह के मालिक मीर शकीलुर रहमान और दो अन्य के खिलाफ लाहौर की जवाबदेही अदालत में भ्रष्टाचार का मामला दायर किया है। 

Pakistan anti-graft body files corruption reference against Nawaz Sharif- India TV Hindi
Image Source : AP Pakistan anti-graft body files corruption reference against Nawaz Sharif

लाहौर: पाकिस्तान के भ्रष्टाचार रोधी निकाय ने भूमि संबंधी एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, जांग/जियो मीडिया समूह के मालिक मीर शकीलुर रहमान और दो अन्य के खिलाफ लाहौर की जवाबदेही अदालत में भ्रष्टाचार का मामला दायर किया है। राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने अपने प्रमुख न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) जावेद इकबाल से मंजूरी मिलने के बाद मामला दायर किया।

Related Stories

इस मामले में दो अन्य संदिग्ध लाहौर विकास प्राधिकरण (एलडीए) के पूर्व निदेशक हुमायूं फैज रसूल और पूर्व निदेशक (भूमि) मियां बशीर हैं। जवाबदेही अदालत ने सभी प्रतिवादियों को 29 जून के लिए नोटिस जारी किए हैं। ऐसा आरोप है कि 1986 में जब शरीफ पंजाब के मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर मीर शकीलुर रहमान को लाहौर में 54 कनाल भूमि आवंटित की।

रहमान को 12 मार्च को एनएबी ने गिरफ्तार किया था जिसके बाद से वह न्यायिक रिमांड पर हैं। शरीफ और एलडीए के दो अधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर रहमान को नहर के निकट की कीमती जमीन आवंटित करने के लिए पद का दुरुपयोग करने का आरोप है।

शरीफ ने एनएबी के किसी भी सम्मन और सवालों का जवाब नहीं दिया है इसलिए उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया और ब्यूरो ने उन्हें घोषित अपराधी करार देने के लिए जवाबदेही अदालत का रुख करने का एलान किया।

तीन बार प्रधानमंत्री रहे शरीफ नवंबर में लंदन गए थे। लाहौर उच्च न्यायालय ने उन्हें इलाज के लिए चार सप्ताह के वास्ते विदेश जाने की अनुमति दी थी। उन्हें अज-अजीजिया मिल्स भ्रष्टाचार मामले में जमानत दे दी गई थी जिसमें वह कोट लखपत जेल में सात साल की जेल की सजा काट रहे थे।

उन्हें विदेश जाने के लिए धन शोधन के एक मामले में भी जमानत दी गई थी। शरीफ गंभीर ह्रदय रोग से पीड़ित पाए गए थे। शरीफ की बेटी मरियम नवाज ने कहा था कि उनके पिता उच्च जोखिम वाले मरीज हैं इसलिए कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण उनकी सर्जरी टाल दी गई है। 

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement