1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel Hamas War: गाजा में बड़ा इजरायली हमला, कम से कम 32 लोगों की मौत

Israel Hamas War: गाजा में बड़ा इजरायली हमला, कम से कम 32 लोगों की मौत

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 27, 2025 02:29 pm IST,  Updated : Sep 27, 2025 02:29 pm IST

इज़रायली कार्रवाई की शुरुआत तब हुई जब 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के नेतृत्व में उग्रवादियों ने इज़रायल पर हमला किया, जिसमें करीब 1,200 लोग मारे गए और 251 को बंधक बना लिया गया। अब तक 48 बंधक गाज़ा में मौजूद हैं, जिनमें से करीब 20 के जिंदा होने की संभावना है।

गाजा पर इजरायल का हमला (फाइल फोटो)- India TV Hindi
गाजा पर इजरायल का हमला (फाइल फोटो) Image Source : AP

दीर अल-बलाह: गाज़ा में इज़रायल ने जबरदस्त हवाई हमला किया है। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इन हवाई हमलों में रातभर में कम से कम 32 लोगों की मौत हो गई। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब युद्धविराम के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ रहा है, लेकिन इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अभी भी युद्ध जारी रखने के पक्ष में डटे हुए हैं।

नेतन्याहू के यूएन में भाषण के बाद बरसे बम

मध्य और उत्तरी गाज़ा में शनिवार तड़के हुए हवाई हमलों में कई लोग अपने घरों में मारे गए। नुसेरात शरणार्थी शिविर में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी अल-अवदा अस्पताल के कर्मचारियों ने दी, जहां शव लाए गए। ये हमले उस वक्त हुए जब कुछ घंटे पहले ही नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा था कि उनका देश "हमास के खिलाफ पूरी तरह काम खत्म करना चाहता है।" नेतन्याहू का यह बयान देश की जनता और वैश्विक समुदाय दोनों को संबोधित था, लेकिन उनके भाषण की शुरुआत में ही कई देशों के प्रतिनिधि सभा से वॉकआउट कर गए।

 

कई देशों ने दी फिलिस्तीन को मान्यता

इस बीच इज़रायल पर युद्ध समाप्त करने के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है। दुनिया के कई देशों ने हाल ही में फिलिस्तीन को स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी है, जिसे इज़रायल स्वीकार नहीं करता। संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर कई देशों ने इज़रायल पर युद्धविराम के लिए दबाव डालने का अनुरोध किया है। शुक्रवार को ट्रंप ने व्हाइट हाउस लॉन पर संवाददाताओं से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका गाज़ा में संघर्ष कम करने और बंधकों को वापस लाने के लिए एक समझौते के करीब है।

 

ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाकात फिक्स

सोमवार को ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाकात होने वाली है।  ट्रंप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर कहा कि गाज़ा को लेकर "बहुत प्रेरणादायक और उपयोगी चर्चाएं" और "गंभीर वार्ताएं" क्षेत्रीय देशों के साथ जारी हैं। इस बीच इजरायल ने गाज़ा में ज़मीनी अभियान तेज कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ यहां मानवीय संकट गहरा गया है। इसके बावजूद, इज़रायल गाज़ा सिटी में एक और बड़े ज़मीनी हमले की तैयारी में है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह क्षेत्र भुखमरी की स्थिति झेल रहा है। अब तक 3 लाख से अधिक लोग भाग चुके हैं, लेकिन लगभग 7 लाख लोग अभी भी वहां फंसे हुए हैं, क्योंकि वे विस्थापन का खर्च नहीं उठा सकते।

 

तुर्फा इलाके में 11 लोगों की मौत

शनिवार सुबह, गाज़ा सिटी के तुर्फा इलाके में एक घर पर हवाई हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे थे। शवों को अल-अहली अस्पताल में लाया गया। वहीं, शिफा अस्पताल ने बताया कि शती शरणार्थी शिविर में एक और हमले में 4 लोगों की मौत हो गई। गाज़ा सिटी के अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह चरमराने की कगार पर हैं। करीब दो हफ्तों से चल रहे हमलों में दो क्लीनिक नष्ट हो चुके हैं, दो अस्पताल बंद हो गए हैं, और बाकी अस्पतालों में दवाइयों, उपकरणों, खाने और ईंधन की भारी कमी है। 

 

कई मरीज अस्पताल छोड़कर भागे

कई मरीजों और कर्मचारियों को अस्पताल छोड़कर भागना पड़ा है। अब सिर्फ कुछ डॉक्टर और नर्सें ही शिशु गहन चिकित्सा कक्षों में बच्चों या गंभीर मरीजों की देखभाल कर पा रहे हैं। डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने गाज़ा सिटी में अपनी गतिविधियां स्थगित कर दी हैं, क्योंकि इज़रायली हमले काफी बढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि इज़रायली टैंक उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं से आधे मील से भी कम दूरी पर हैं और हालात उनके स्टाफ के लिए "अस्वीकार्य स्तर तक खतरनाक" हो गए हैं।

 

अब तक 65,000 से अधिक मौतें, 1.67 लाख घायल

गाज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इज़रायली अभियान में अब तक 65,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और 167,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय नागरिकों और लड़ाकों के बीच अंतर नहीं बताता, लेकिन कहता है कि महिलाएं और बच्चे लगभग आधे मृतकों में शामिल हैं। हालांकि यह मंत्रालय हमास के अधीन है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र एजेंसियां और स्वतंत्र विशेषज्ञ इसके आंकड़ों को अब भी सबसे विश्वसनीय मानते हैं।  (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश