1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. कहीं "विभीषण' ना बन जाए पुतिन का यह सुरक्षा अधिकारी, यूक्रेन युद्ध के विरोध में छोड़ गया देश

कहीं "विभीषण' ना बन जाए पुतिन का यह सुरक्षा अधिकारी, यूक्रेन युद्ध के विरोध में छोड़ गया देश

 Published : Apr 05, 2023 08:40 am IST,  Updated : Apr 05, 2023 08:41 am IST

रूस- यूक्रेन युद्ध को 1 वर्ष से अधिक हो चुके हैं, लेकिन इसके खात्मे के अभी तक कोई संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस बीच पुतिन के विशेष सुरक्षा दस्ते के एक अधिकारी ने अपने राष्ट्रपति को तगड़ा झटका दिया है। यह अधिकारी पुतिन की खुफिया सुरक्षा सेवा में तैनात था। मगर युद्ध के दौरान ही अधिकारी ने पुतिन का साथ छोड़ दिया है।

व्लादिमिर पुतिन, रूसी राष्ट्रपति- India TV Hindi
व्लादिमिर पुतिन, रूसी राष्ट्रपति Image Source : AP

रूस- यूक्रेन युद्ध को 1 वर्ष से अधिक हो चुके हैं, लेकिन इसके खात्मे के अभी तक कोई संकेत दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस बीच पुतिन के विशेष सुरक्षा दस्ते के एक अधिकारी ने अपने राष्ट्रपति को तगड़ा झटका दिया है। यह अधिकारी पुतिन की खुफिया सुरक्षा सेवा में तैनात था। मगर युद्ध के दौरान ही अधिकारी ने पुतिन का साथ छोड़ दिया है और उसने यूक्रेन पर हमले के खिलाफ बगावत कर दी है। युद्ध के विरोध में अधिकारी ने अपना देश तक छोड़ दिया है। ऐसे में अब राष्ट्रपति पुतिन को आशंका है कि रूस छोड़कर विदेश गया उनका यह अधिकारी कहीं "विभीषण" ना बन जाए...अगर ऐसा हुआ तो यूक्रेन युद्ध में रूस को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

 रूसी राष्ट्रपति के खुफिया व्यक्तिगत सुरक्षा सेवा के अधिकारी रहे ग्लेब काराकुलोव पुतिन के सारे भेद जानते हैं। उन्होंने ऐसे वक्त में पुतिन का साथ छोड़ा है, जब युद्ध अपने चरम पर है और यूरोपीय एवं पश्चिमी देश यूक्रेन की खुलकर मदद कर रहे हैं। अगर यह सुरक्षा अधिकारी दुश्मनों के खेमे में मिल गया और उन्हें कुछ खुफिया जानकारियां लीक कर दी तो इससे रूस को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

पुतिन के विशिष्ट सुरक्षा दस्ते के अधिकारी ने राष्ट्रपति को कहा युद्ध अपराधी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की खुफिया व्यक्तिगत सुरक्षा सेवा के अधिकारी रहे ग्लेब काराकुलोव ने युद्ध के दौरान ही उनका साथ छोड़ दिया और कजाखिस्तान से तुर्की की उड़ान भर ली। काराकुलोव ने आरोप लगाते हुए कहा, “हमारे राष्ट्रपति युद्ध अपराधी बन गए है। अब इस युद्ध (रूस-युक्रेन युद्ध) को समाप्त करने और शांत रहने का समय आ गया है।” काराकुलोव कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं। वह पुतिन के उस सुरक्षा घेरे का हिस्सा थे जहां तक देश के कुछ चुनिंदा लोगों की ही पहुंच होती है। उनके पास पुतिन के जीवन के अंतरंग विवरण के साथ ही संभावित रूप से कई गोपनीय जानकारियां भी होंगी। उन्होंने बताया कि रूसी राष्ट्रपति को एक बार करिश्माई नेता के रूप में मान सकते हैं लेकिन वो तेजी से अलग-थलग पड़ रहे हैं।

पुतिन की निजता के बारे में कर दिया खुलासा

 काराकुलोव ने कहा कि पुतिन सेल फोन या इंटरनेट का उपयोग नहीं करते हैं और जहां कहीं भी जाते हैं रूसी सरकारी टेलीविजन की पहुंच पर जोर देते हैं। उन्होने बताया कि पुतिन अब हवाई जहाज से सफर करने से बचते हैं और एक विशेष बख्तरबंद ट्रेन में यात्रा करते हैं। संघीय सुरक्षा सेवा या एफएसओ के राष्ट्रपति संचार विभाग की एक फील्ड यूनिट में इंजीनियर के रूप में काराकुलोव रूसी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के लिए सुरक्षित संचार तंत्र स्थापित करने के लिए जिम्मेदार थे। हालांकि, वो पुतिन के विश्वासपात्र नहीं थे लेकिन उन्होंने वर्षों राष्ट्रपति के लिये काम किया है। उन्होंने 2009 से 2022 के अंत तक पुतिन के कार्यकाल में काम किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश