1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप को फिर सत्ता में लाने के लिए हस्तक्षेप कर रहा है रूस: खुफिया अधिकारी

ट्रंप को फिर सत्ता में लाने के लिए हस्तक्षेप कर रहा है रूस: खुफिया अधिकारी

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 21, 2020 05:57 pm IST,  Updated : Feb 21, 2020 05:57 pm IST

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने एक ब्रीफिंग में सांसदों को चेतावनी दी है कि रूस डोनाल्ड ट्रंप को पुन: राष्ट्रपति निर्वाचित कराने के लिए 2020 के प्रचार अभियान में हस्तक्षेप कर रहा है जिस पर नाराज हुए राष्ट्रपति ने अपने खुफिया प्रमुख को बदल दिया।

Donald Trump- India TV Hindi
Donald Trump

वाशिंगटन: अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने एक ब्रीफिंग में सांसदों को चेतावनी दी है कि रूस डोनाल्ड ट्रंप को पुन: राष्ट्रपति निर्वाचित कराने के लिए 2020 के प्रचार अभियान में हस्तक्षेप कर रहा है जिस पर नाराज हुए राष्ट्रपति ने अपने खुफिया प्रमुख को बदल दिया। अमेरिकी मीडिया ने यह खबर जारी की। वाशिंगटन पोस्ट और न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरूवार को कहा कि ट्रंप को जब सदन की खुफिया समिति के साथ 13 फरवरी को हुए सत्र के बारे में पता चला तो उन्होंने राष्ट्रीय खुफिया इकाई डीएनआई के कार्यवाहक निदेशक जोसफ मैगुआयर पर नाराजगी जताई। 

खबर के मुताबिक मैगुआयर के सहयोगी शेल्बी पीयरसन ने सांसदों को बताया कि रूस  डोनाल्ड ट्रंप की ओर से एक बार फिर अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप कर रहा है। खबरों के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेट इस सूचना का इस्तेमाल उनके खिलाफ करेंगे। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार राष्ट्रपति इस सत्र में ट्रंप पर महाभियोग की जांच की प्रक्रिया की अगुवाई करने वाले डेमोक्रेटिक प्रमुख एडम शिफ की मौजूदगी से भी नाराज थे। 

वाशिंगटन पोस्ट ने लिखा कि मैगुआयर डीएनआई के पद पर स्थाई रूप से नियुक्ति के लिहाज से पहली पसंद बने हुए थे लेकिन ट्रंप ने जब गोपनीय चुनाव सुरक्षा ब्रीफिंग के बारे में सुना तो वह मैगुआयर से नाराज हो गये। ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि वह मैगुआयर की जगह जर्मनी में अमेरिका के राजदूत और अपने करीबी 53 वर्षीय रिचर्ड ग्रेनेल को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश