1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में समलैंगिक विवाह से जुड़ा ऐतिहासिक बिल पास, बाइडेन बोले- 'प्यार तो प्यार होता है'

अमेरिका में समलैंगिक विवाह से जुड़ा ऐतिहासिक बिल पास, बाइडेन बोले- 'प्यार तो प्यार होता है'

 Published : Nov 30, 2022 11:15 am IST,  Updated : Nov 30, 2022 11:15 am IST

समलैंगिक विवाह बिल को मंगलवार को 36 के मुकाबले 61 मतों से पारित कर दिया गया। रिपब्लिकन पार्टी के 12 सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया।

same sex marriage- India TV Hindi
समलैंगिक विवाह बिल पास Image Source : FILE PHOTO

वॉशिंगटन: अमेरिकी सीनेट (संसद) ने समलैंगिक शादियों को मान्यता देने से जुड़ा एक द्विदलीय विधेयक (बिल) मंगलवार को पारित कर दिया। यह कदम इस मुद्दे पर राष्ट्रीय राजनीति में आए बदलाव का संकेत देता है। इससे उन हजारों समलैंगिक जोड़ों को राहत मिली है, जिन्होंने उच्चतम न्यायालय के 2015 के फैसले के बाद शादी की थी। इस फैसले के तहत देशभर में समलैंगिक शादियों को कानूनी मान्यता दी गई थी। बिल को मंगलवार को 36 के मुकाबले 61 मतों से पारित कर दिया गया। रिपब्लिकन पार्टी के 12 सदस्यों ने भी इसका समर्थन किया।

राष्ट्रपति बाइडेन ने जताई खुशी

बिल पास होते ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्यार तो प्यार होता है और अमेरिकियों को उस व्यक्ति से शादी करने का अधिकार होना चाहिए जिससे वे प्यार करते हैं। बाइडेन ने कहा कि अमेरिकी सीनेट ने आज समलैंगिक शादी को सम्मान देकर साबित किया है कि अमेरिका एक मौलिक सत्य की पुष्टि करने के कगार पर है।

बिल पर तेजी से और गर्व के साथ करूंगा हस्ताक्षर- बाइडेन
बाइडेन ने दोनों दलों के सदस्यों द्वारा बिल का समर्थन किए जाने की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अगर यह बिल प्रतिनिधि सभा में पारित हो जाता है तो वह इस पर ‘‘तेजी से और गर्व के साथ’’ हस्ताक्षर करेंगे। बाइडेन ने कहा कि इससे सुनिश्चित होगा कि LGBTQ (समलैंगिक) समुदाय के लोग ‘‘यह जानते हुए बड़े होंगे कि वे भी पूरी तरह से खुशहाल जिंदगी जी सकते हैं और अपना खुद का परिवार बसा सकते हैं।’’

सीनेट में बहुसंख्यक नेता चुक शुमर ने कहा कि यह बिल ‘‘लंबे समय से लंबित’’ था और ‘‘वृहद समानता की ओर अमेरिका की मुश्किल, लेकिन अडिग राह’’ का हिस्सा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश