1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर नीतीश कुमार का तीखा हमला, बोले- जरूरत क्या है?

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र वाले बयान पर नीतीश कुमार का तीखा हमला, बोले- जरूरत क्या है?

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 16, 2023 11:24 pm IST,  Updated : May 16, 2023 11:24 pm IST

नीतीश कुमार ने कहा, आश्चर्य की बात है कि कुछ लोग हिंदू राष्ट्र के लिए बोल रहे हैं। इसकी जरूरत क्या है? सभी को अपने-अपने धर्म में आस्था रखने का अधिकार है, इसमें कोई किसी को बाधा नहीं डाल सकता।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर नीतीश का बयान- India TV Hindi
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर नीतीश का बयान Image Source : FILE PHOTO

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भारत को 'हिंदू राष्ट्र' बनाने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे बयानों का कोई मूल्य नहीं है, क्योंकि ये उन लोगों द्वारा की गई है, जिन्हें देश की आजादी की लड़ाई या संविधान के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, वे जो इस तरह की बातें कर रहे हैं, देश के स्वतंत्र होने और संविधान लागू होने से पहले पैदा भी नहीं हुए थे। क्या वे देश का नाम बदल देंगे? 

"हम हर धर्म का सम्मान करते हैं"

नीतीश ने कहा, "हमारे देश में 7 समुदाय हैं और सभी के पास अपने-अपने धर्मो में विश्वास करने का समान अधिकार है। हम कभी भी किसी के लिए कोई बाधा नहीं बनाते। हम हर धर्म का सम्मान करते हैं और वे अपने देवताओं की पूजा करने के लिए स्वतंत्र हैं।" नीतीश ने कहा, "उनके जैसे लोग अपने दम पर बात कर रहे हैं और इसका कोई मूल्य नहीं है। हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और उनके साथ काम करने वाले नेताओं में विश्वास करते हैं। मैं उस समय पैदा नहीं हुआ था। मेरे पिता ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया था, उन्होंने मुझे सब कुछ बताया था और हम उनकी विचारधारा के आधार पर विकास कर रहे हैं।"

"कुछ लोग हिंदू राष्ट्र के लिए बोल रहे हैं"

उन्होंने कहा, "आश्चर्य की बात है कि कुछ लोग हिंदू राष्ट्र के लिए बोल रहे हैं। इसकी जरूरत क्या है? सभी को अपने-अपने धर्म में आस्था रखने का अधिकार है, इसमें कोई किसी को बाधा नहीं डाल सकता।" उन्होंने कहा, "हमारे देश में सात समुदाय हैं - हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी, बौद्ध और जैन। इन समुदायों के लोगों को संविधान के अनुसार, समान अधिकार प्राप्त हैं। देश में पारसियों की संख्या कम है, वे मुख्य रूप से मुंबई के एक क्षेत्र में में रहते हैं, लेकिन उनके पास भी समान अधिकार हैं और हम इसका सम्मान करते हैं।"

"संविधान से परे कुछ भी कहने की अनुमति नहीं"

जेडीयू प्रमुख ने कहा, "हम हमेशा यह सुनिश्चित करते हैं कि बिहार में किसी भी समुदाय को कोई असुविधा महसूस न हो। किसी को संविधान से परे कुछ भी कहने की अनुमति नहीं है। अगर कोई संविधान में संशोधन करना चाहता है, तो उसे लोकसभा और राज्यसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। संशोधन केवल सभी दलों के निर्णय से होता है।" इस आरोप पर कि उनकी सरकार सनातन धर्म के खिलाफ काम कर रही है, नीतीश ने कहा, "वे लोग पार्टी में अपना वजन बढ़ाने के लिए मेरे खिलाफ ऐसी बात कर रहे हैं, मेरे खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।