1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पति से फोन पर हुए झगड़े के बाद महिला ने 4 बेटियों को तालाब में फेंका, 3 की मौत

पति से फोन पर हुए झगड़े के बाद महिला ने 4 बेटियों को तालाब में फेंका, 3 की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 24, 2021 05:52 pm IST,  Updated : Jul 24, 2021 05:52 pm IST

दिल दहलाने वाला यह मामला गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र का है जहां एक मां ने एक-एककर अपनी 4 बेटियों को तालाब में फेंक दिया।

Bihar Woman Kills Daughters, Bihar Woman Daughters Pond, Bihar Daughters Pond Dead- India TV Hindi
बिहार के गोपालगंज जिले में एक महिला ने पति के साथ फोन पर हुए झगड़े के बाद अपनी 4 बेटियों को तालाब में फेंक दिया। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में एक महिला ने पति के साथ फोन पर हुए झगड़े के बाद अपनी 4 बेटियों को तालाब में फेंक दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस घटना में महिला की 3 बेटियों की मौत हो गई। दिल दहलाने वाला यह मामला गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र का है जहां एक मां ने एक-एककर अपनी 4 बेटियों को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि घटना में 3 बच्चियों की मौत हो गई और तीनों के शवों को पानी से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मामा के घर पहुंचाने के बहाने घर से निकली थी नूरजहां

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कौलरही गांव निवासी असलम मियां की पत्नी नूरजहां का शुक्रवार की शाम किसी बात को लेकर अपने पति से फोन पर झगड़ा हुआ। झगड़ा होने के बाद नूरजहां अपनी चारों बेटियों को लेकर मामा के घर पहुंचाने के बहाने घर से निकली और गौरा गांव में एक तालाब के पास रूककर अपनी चारों बेटियों को फेंकने लगी। बेटियों के शोरगुल को सुन गांव के लोग इकट्ठा हो गए और तालाब में कूदकर बच्चियों की जान बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बच्ची को तो जिंदा बचा लिया, लेकिन अन्य 3 की मौत हो चुकी थी।

हिरामत में बच्चियों की मां से की जा रही है पूछताछ
कटेया के थाना प्रभारी सुमन कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चियों का शव को पानी से बाहर निकलवाया। उन्होंने बताया कि मृतकों में गुलाबसा खातून (7), नूरसबा खातून (3) और तैयबा खातून (2) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बचाई गई बच्ची को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी खतरे से बाहर बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की प्रत्येक कोणों से जांच की जा रही है। असलम मियां गुजरात में नौकरी करते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।