1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बारिश और तेज हवा ने दिल्ली वालों को एयर पॉल्यूशन से दी राहत, AQI में आया सुधार

बारिश और तेज हवा ने दिल्ली वालों को एयर पॉल्यूशन से दी राहत, AQI में आया सुधार

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 04, 2021 09:50 pm IST,  Updated : Jan 04, 2021 09:50 pm IST

बारिश और तेज हवाओं के बाद सोमवार सुबह दिल्ली में वायु की गुणवत्ता सुधरकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गयी।

बारिश और तेज हवा ने दिल्ली वालों को एयर पॉल्यूशन से दी राहत, AQI में आया सुधार- India TV Hindi
बारिश और तेज हवा ने दिल्ली वालों को एयर पॉल्यूशन से दी राहत, AQI में आया सुधार Image Source : PTI

नई दिल्ली: बारिश और तेज हवाओं के बाद सोमवार सुबह दिल्ली में वायु की गुणवत्ता सुधरकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गयी। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एक सरकारी एजेंसी ने कहा है कि आगे हवा की गुणवत्ता बेहतर होकर ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुचने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सोमवार को 151 दर्ज किया गया। 

रविवार को यह सूचकांक 354 और शनिवार को 443 दर्ज किया गया था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 100 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। 

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण रविवार को दिल्ली में तेज बारिश और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के कारण प्रदूषक तत्वों का बिखराव हुआ। 

सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक, सोमवार को 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार दोपहर ढाई बजे तक 39.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी थी। 

वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को भी बारिश होने का अनुमान है और अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता संबंधी पूर्व चेतावनी प्रणाली ने कहा है कि मंगलवार को एक्यूआई के ''मध्यम'' से ''संतोषजनक'' श्रेणी में रहने का अनुमान है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।