1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Wave: दिल्ली पर ठंड का 'कोल्ड अटैक', न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; अभी और सताएगी शीतलहर

Delhi Wave: दिल्ली पर ठंड का 'कोल्ड अटैक', न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा; अभी और सताएगी शीतलहर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 20, 2021 09:45 am IST,  Updated : Dec 20, 2021 09:45 am IST

विभाग के मुताबिक, राजधानी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 4 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

उत्तर भारत में शीतलहर...- India TV Hindi
उत्तर भारत में शीतलहर जारी Image Source : ANI

Highlights

  • श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज
  • उत्तर भारत में अभी और सताएगी ठंड

नयी दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ठंड का कोल्ड अटैक बढ़ गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में और कड़ाके की ठंड पड़ेगी।मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर शीतलहर का प्रकोप रहने का अनुमान है। राजधानी दिल्ली में अगले दो-तीन दिनों तक ठंड का विकराल रूप देखने को मिल सकता है।

उत्तर भारत में अगले कुछ दिन में पारा और नीचे गिरेगा। अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्तिस्तान तथा मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश भी शीत लहर की चपेट में हैं। सोमवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे (-5.8 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक कानपुर में पारा गिरावट के साथ न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

रविवार को उत्तरपश्चिमी भारत में राजस्थान के चुरू में सबसे कम शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद सीकर में शून्य से 2.5 डिग्री से. नीचे और अमृतसर में शून्य से 0.5 डिग्री से. नीचे तापमान दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला ने दिल्ली में अभी तक इस मौसम का सबसे कम 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया। लोधी रोड में स्थित मौसम केंद्र ने न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री से. दर्ज किया।  

आईएमडी ने उत्तरपश्चिमी भारत में अगले तीन दिनों तक शीत लहर चलने का अनुमान जताया है और उसके बाद इससे राहत मिल सकती है। अगले दो दिनों में उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों और पंजाब तथा हरियाणा में 23 और 24 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम कार्यालय ने बताया कि उत्तरपश्चिमी भारत के मैदानी इलाके मंगलवार तक 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं की चपेट में रहेंगे, जिससे ‘‘शीत लहर और ठंड का प्रतिकूल असर बढ़ जाएगा।’’

इनपुट- एएनआई

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।