1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 400 करोड़ में बनी फ्लॉप फिल्म, जिसे बनाकर कर्जे में डूबा प्रोड्यूसर, बोला- 'डायरेक्टर को टाइटल समझ नहीं आया'

400 करोड़ में बनी फ्लॉप फिल्म, जिसे बनाकर कर्जे में डूबा प्रोड्यूसर, बोला- 'डायरेक्टर को टाइटल समझ नहीं आया'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Nov 11, 2025 03:02 pm IST,  Updated : Nov 11, 2025 03:02 pm IST

2024 में रिलीज हुई इस फिल्म ने मेकर्स का बड़ा नुकसान कराया था। एक सुपरस्टार और एक स्टारकिड के होने के बाद भी ये फिल्म अपने बजट का आधा भी वसूल नहीं कर पाई थी, जिसके चलते मेकर्स को बड़ा घाटा सहना पड़ा था।

Bade Miyan Chote Miyan- India TV Hindi
400 करोड़ के बजट में बनी थी फिल्म। Image Source : SCREEN GRAB NETFLIX INDIA YOUTUBE

बॉलीवुड में पिछले कुछ सालों में कई ऐसी फिल्में आई हैं, जिन पर मेकर्स ने जी खोलकर पैसे खर्च किए, बदले में इन फिल्मों ने मेकर्स को भरपूर फायदा दिया। लेकिन, 2023 में एक फिल्म ऐसी रिलीज हुई, जो 100 करोड़ी क्लब में एंट्री करने के बाद भी महा-फ्लॉप कहलाई, क्योंकि मेकर्स ने इस पर 400 करोड़ खर्च किए थे। इस फिल्म की रिलीज के बाद प्रोडक्शन हाउस को इतना घाटा हुआ कि निर्माता ने अपने कर्मचारियों को बकाया वेतन देने के लिए अपना कार्यालय तक बेच दिया और 80 प्रतिशत कर्मचारियों की नौकरी चली गई। हम बात कर रहे हैं 2024 में रिलीज हुई 'बड़े मियां छोटे मियां' की, जिसमें अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ जैसे स्टार नजर आए थे।

400 करोड़ में बनी थी फिल्म

अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ जैसे एक्शन स्टार्स वाली ये फिल्म 2024 में ईद के मौके पर रिलीज हुई थी। इस फिल्म के बजट और स्टारकास्ट के चलते इसका काफी बज भी रहा, लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों का इसे कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला और इसके चलते मेकर्स को काफी नुकसान झेलना पड़ा। पूजा एंटरटेनमेंट के तले बनी इस फिल्म पर प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने 400 करोड़ खर्च किए थे और फिल्म सिर्फ  100 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई।

डायरेक्टर अली अब्बास जफर पर फूटा असफलता का ठीकरा

'बड़े मियां छोटे मियां' की असफलता के बाद लंबे समय तक तो वाशु भगनानी ने चुप्पी साधे रखी और फिर फिल्म की असफलता का पूरा ठीकरा डायरेक्टर के सिर पर फोड़ दिया। रौनक कोटेचा के पॉडकास्ट में बात करते हुए वाशु भगनानी ने फिल्म के फ्लॉप होने पर बात की और यहां तक कह दिया कि अली अब्बास जफर के साथ ये फिल्म बनाना, उनकी सबसे बड़ी गलती थी। वाशु भगनानी ने इसी बातचीत में कहा था कि उनके बार-बार समझाने के बाद भी डायरेक्टर अली अब्बास जफर को इस फिल्म का टाइटल ही समझ नहीं आया और उन्होंने इसमें एक्शन डालकर मजा किरकिरा कर दिया।

अली अब्बास जफर को समझ नहीं आया टाइटल

बातचीत में वाशु भगनानी ने कहा था - 'अली अब्बास जफर को फिल्म का टाइटल ही समझ नहीं आया। हम बोल-बोलकर थक गए कि ये एक कॉमेडी फिल्म है। एक्शन डालो, लेकिन कॉमेडी-एक्शन मत करो। वो इतना ब्यूटीफुल ब्रैंड था, इतना ब्यूटीफुल कि लोग टाइटल से ही अंदर जाना चाहते हैं।' बता दें, वाशु भगनानी ने फिल्म की रिलीज से पहले ये तक दावा कर दिया था कि ये 1100 करोड़ तक का कलेक्शन करेगी, लेकिन ये 100 करोड़ का आंकड़ा ही छू पाई।

मेकर्स को हुआ तगड़ा नुकसान

इस फिल्म की रिलीज के चलते मेकर्स को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा। जैकी भगनानी के बेटे जैकी ने स्क्रीन से बातचीत में फिल्म की असफलता के बारे में बात की थी। जैकी ने कहा था- 'यह अनुभव मेरे लिए एक बहुत बड़ी सीख रहा है। हमने इस प्रोजेक्ट में काफी धन निवेश किया, लेकिन मुझे यह समझ आया कि केवल पैसों का पैमाना सफलता की गारंटी नहीं देता। किसी न किसी स्तर पर हमसे गलती हुई — जो कंटेंट हमने बनाया, वह दर्शकों के दिल तक नहीं पहुंच पाया। दर्शक हमेशा सही होते हैं, और अगर उन्हें यह पसंद नहीं आया, तो हमें दोबारा शुरुआत करनी होगी और समझना होगा कि कहां चूक हुई। मुझे इसे सीख के रूप में स्वीकार करना होगा और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहरानी होगी। जहां तक रिटर्न की बात है, वह 50% से भी कम नहीं है — लेकिन यह हमारे दर्द को कम नहीं कर सकता। एक परिवार के रूप में, हमने इस फिल्म के लिए अपनी संपत्ति तक गिरवी रख दी। अब हमें एहसास है कि कुछ भी कहने या सफाई देने का कोई अर्थ नहीं रह गया है।'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन