Saturday, February 14, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. Explainers
  3. Explainer: वफादारों को वफादारी का इनाम दे रहे ट्रंप! जानें पिछली वाली से कैसे अलग है उनकी नई टीम

Explainer: वफादारों को वफादारी का इनाम दे रहे ट्रंप! जानें पिछली वाली से कैसे अलग है उनकी नई टीम

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Published : Nov 16, 2024 09:11 am IST, Updated : Nov 16, 2024 09:11 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों अपनी सरकार में महत्वपूर्ण पदों के लिए लोगों का चुनाव करने में व्यस्त हैं। उनकी नई टीम को देखकर लग रहा है कि इस बार उन्होंने सबसे ज्यादा तरजीह अपने प्रति वफादारी को दी है।

डोनाल्ड ट्रंप काफी...- India TV Hindi
Image Source : AP डोनाल्ड ट्रंप काफी सोच-समझकर अपनी नई टीम चुन रहे हैं।

वॉशिंगटन: एक बार फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल के लिए महत्वपूर्ण पदों पर नाम तय कर रहे हैं। उनकी नई टीम के नामों को देखकर साफ लग रहा है कि यह उनके पिछले प्रशासन से काफी अलग है। वह टॉप के पदों के लिए अपने विश्वस्त लोगों को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। बता दें कि ट्रंप अपने पहले कार्यकाल के शुरुआती दौर में अंदरूनी कलह से परेशान थे। अब ऐसा लगता है कि वह फेडरल गवर्नमेंट को अपनी छवि के अनुसार बदलने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

क्या सभी नामों को मिल पाएगी सीनेट की मंजूरी?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन का बहुमत होने के बावजूद उन्हें कुछ नामों को मंजूरी दिलाने में मशक्कत करनी पड़ सकती है। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी नई टीम के लिए कुछ ऐसे लोगों को चुना है जिन्हें लेकर कुछ न कुछ विवाद चल रहा है। हालांकि ट्रंप अपनी नई टीम को लेकर काफी जोश में दिख रहे हैं और पिछले कुछ दिनों से एक-एक कर लोगों के नामों का ऐलान कर रहे हैं। ट्रंप की पूरी कोशिश होगी कि उनके द्वारा चुने गए नामों को आसानी से सीनेट से मंजूरी मिल जाए।

Donald Trump, Donald Trump Team, Marco Rubio

Image Source : AP
मार्को रुबियो ट्रंप के सबसे करीबी लोगों में शामिल हैं।

जानें, ट्रंप की नई टीम में कौन-कौन है शामिल

ट्रंप ने कई मौकों पर इशारा किया था कि अपनी पिछली टीम चुनने में उनसे कुछ गलती हो गई थी, ऐसे में इस बार माना जा रहा है कि उन्होंने बहुत फूंक-फूंककर ही कदम रखा होगा। ट्रंप की नई टीम को देखकर आपको अंदाजा हो जाएगा कि यह उनकी पिछली टीम से किस तरह अलग है। ट्रंप ने अपने अगले प्रशासन के लिए जिन प्रमुख नामों का चुनाव किया है, वे इस प्रकार हैं:

विदेश मंत्री: मार्को रुबियो

ट्रंप ने फ्लोरिडा के सीनेटर मार्को रुबियो को अमेरिका का अगला विदेश मंत्री नामित किया है। 53 साल के रुबियो चीन, क्यूबा और ईरान के मामलों पर पैनी नजर रखने के लिए जाने जाते हैं। वह 2023 की गर्मियों में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल थे। रुबियो सीनेट इंटेलिजेंस कमेटी के उपाध्यक्ष और सीनेट की फॉरेन रिलेशंस कमिटी के सदस्य हैं।

अटॉर्नी जनरल: मैट गेज

डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि वह फ्लोरिडा से प्रतिनिधि सभा के सदस्य मैट गेज को अपना अटॉर्नी जनरल नियुक्त करेंगे। उन्होंने देश के टॉप प्रॉसिक्यूटर के रोल के लिए अपने वफादार शख्स को चुना है।

रक्षा मंत्री: पीट हेगसेथ

44 साल के हेगसेथ फॉक्स न्यूज चैनल के ‘फॉक्स एंड फ्रेंड्स वीकेंड’ के को-प्रेजेंटर हैं और 2014 से इस नेटवर्क के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने ट्रंप के साथ दोस्ती बढ़ाई, जो उनके शो में बराबर दिखाई देते थे।

Donald Trump, Donald Trump Team, Tulsi Gabbard

Image Source : AP
तुलसी गबार्ड ने चुनाव प्रचार में ट्रंप का भरपूर साथ दिया है।

राष्ट्रीय खुफिया निदेशक: तुलसी गबार्ड

हवाई की पूर्व सांसद तुलसी गबार्ड को ट्रंप ने राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के पद पर नियुक्त किया है, जो ट्रंप द्वारा अनुभव से ज्यादा वफादारी को महत्व देने का एक और उदाहरण है। 43 साल की गबार्ड ने 2022 में डेमोक्रेटिक पार्टी छोड़ने से पहले, 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी हासिल करने की असफल कोशिश की थी। उन्होंने अगस्त में ट्रंप का समर्थन किया और उनके साथ चुनाव प्रचार भी किया।

गृह मंत्री: क्रिस्टी नोएम

नोएम एक जाने-माने रूढ़िवादी हैं जिन्होंने अपने 2 कार्यकालों में साउथ डकोटा को रिपब्लिकन पॉलिटिक्स में एक अहम स्थान दिलाया। कोविड-19 महामारी के दौरान नोएम ने प्रतिबंध लगाए जाने का आदेश नहीं दिया, जबकि बाकी के राज्यों ने ऐसा किया था। इसके बजाय, उन्होंने अपने राज्य को ‘व्यापार के लिए खुला’ घोषित कर दिया था।

CIA डायरेक्टर: जॉन रैटक्लिफ

रैटक्लिफ ट्रंप के पहले कार्यकाल के अंतिम 1.5 साल के दौरान राष्ट्रीय खुफिया निदेशक थे। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान अमेरिकी सरकार की खुफिया एजेंसियों का नेतृत्व किया था। उन्हें भी ट्रंप के वफादारों में गिना जाता है।

आंतरिक सचिव: डग बर्गम

डग बर्गम उत्तरी डकोटा के गवर्नर हैं जो कभी अपने राज्य के बाहर बहुत कम जाने जाते थे। बर्गम रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए प्राइमरी में दावेदार थे। बाद में बर्गम ने ट्रंप का समर्थन किया था और उनके लिए समर्थन जुटाने के वास्ते महीनों दौरे किए। आखिरकार, ट्रंप ने उन्हें भी वफादारी का इनाम दे दिया।

Donald Trump, Donald Trump Team, Robert F. Kennedy Jr.

Image Source : AP
रॉबर्ड एफ. केनेडी जूनियर को ट्रंप में अहम जिम्मेदारी दी है।

स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्री: रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर

कैनेडी पहले तो डेमोक्रेट के रूप में राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल रहे और बाद में उन्होंने निर्दलीय ही झंडा उठा लिया। राष्ट्रपति चुनावों से कुछ दिन पहले उन्होंने ट्रंप का समर्थन कर दिया। वह डेमोक्रेट नेता रॉबर्ट कैनेडी के बेटे हैं, जिनकी उस वक्त हत्या कर दी गई थी जब वह राष्ट्रपति पद के लिए अपना चुनाव प्रचार कर रहे थे। उनके चाचा जॉन एफ. कैनेडी अमेरिका के सबसे लोकप्रिय राष्ट्रपतियों में शुमार किए जाते हैं।

चीफ ऑफ स्टाफ: सूस विल्स

67 साल की विल्स ट्रंप के 2024 के राष्ट्रपति चुनाव कैंपेन की वरिष्ठ सलाहकार और इसकी असल मैनेजर थीं। विल्स ये जिम्मेदारी संभालने के बाद अमेरिका के किसी भी राष्ट्रपति के प्रशासन में इस शक्तिशाली पद में आसीन होने वाली पहली महिला बन जाएंगी।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार: माइक वाल्ट्ज

वाल्ट्ज पूर्व-मध्य फ्लोरिडा से 3 बार सांसद रहे हैं। वह एक पूर्व आर्मी ग्रीन बेरेट हैं। वाल्ट्ज ने अफगानिस्तान के कई दौरे किए और डोनाल्ड रम्सफेल्ड और रॉबर्ट गेट्स के रक्षा प्रमुख रहते हुए पेंटागन में पॉलिसी एडवाइजर के रूप में भी काम किया। चीन के प्रति उनका सख्त रुख रहा है और उन्होंने कोविड-19 की उत्पत्ति में चीन का हाथ होने और अल्पसंख्यक मुस्लिम उइगर आबादी के साथ उसके दुर्व्यवहार के कारण बीजिंग में 2022 के शीतकालीन ओलंपिक का बहिष्कार करने का आह्वान किया था।

सीमा अधिकारी (बॉर्डर जार): टॉम होमन

62 साल के होमन को देश के इतिहास में सबसे बड़ा निर्वासन अभियान चलाने की ट्रंप की सबसे बड़ी प्राथमिकता वाला काम सौंपा गया है। होमन को अवैध प्रवासियों के खिलाफ उनके सख्त रुख के लिए जाना जाता है।

मिडिल ईस्ट के लिए विशेष दूत: स्टीवन विटकॉफ

67 साल के विटकॉफ नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप के साथ गोल्फ खेला करते हैं। 15 सितंबर को फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में ट्रंप के क्लब में उनके साथ गोल्फ खेल रहे थे, जब पूर्व राष्ट्रपति पर दूसरी बार जानलेवा हमला किया गया था। (भाषा)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Explainers से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement