1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus Vaccination: भारत ने दुनिया के कई बड़े देशों को पछाड़ा, असंभव दिखने वाला लक्ष्य किया पूरा

Coronavirus Vaccination: भारत ने दुनिया के कई बड़े देशों को पछाड़ा, असंभव दिखने वाला लक्ष्य किया पूरा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 21, 2021 01:53 pm IST,  Updated : Oct 21, 2021 01:54 pm IST

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, देश में टीकाकरण के पात्र वयस्कों में से करीब 75 प्रतिशत लोगों को कम से कम एक खुराक लग चुकी है, जबकि करीब 31 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं।

Coronavirus Vaccination: भारत ने दुनिया के कई बड़े देशों को पछाड़ा, असंभव दिखने वाला लक्ष्य किया पूर- India TV Hindi
Coronavirus Vaccination: भारत ने दुनिया के कई बड़े देशों को पछाड़ा, असंभव दिखने वाला लक्ष्य किया पूरा Image Source : TWITTER/BJP4INDIA

नई दिल्ली। देश में 100 करोड़ कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत, महाद्वीपों की तुलना में भी तेजी से दैनिक औसत टीकाकरण कर रहा है। कोरोना टीकाकरण की विश्व में बात करें तो यूनाइटेड किंगडम में अबतक (21 अक्टूबर) 9.53 करोड़, फ्रांस में 9.81 करोड़, रसिया में 9.98 करोड़, जर्मनी में 11.12 करोड़, जापान में 18.21 करोड़, ब्राजील में 26.02 करोड़ और सुपर पावर अमेरिका में 41.01 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। भारत ने कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर नया इतिहास रचा है। गौरतलब है कि, दुनियाभर में 100 करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा छूकर भारत चीन के बाद ऐसा कारनामा करने वाला दूसरा देश बन गया है।

वहीं वर्तमान में औसत दैनिक टीकाकरण की बात करें तो भारत ने कई देशों को पीछे छोड़ दिया है। वर्तमान औसत दैनिक टीकाकरण को लेकर आंकड़ों की बात करें तो भारत में 30.07 लाख टीके लग रहे हैं वहीं दक्षिण अमेरिका में 20.23 लाख, उत्तरी अमेरिका में 18.49 लाख, अफ्रीका में 12.68 लाख, यूरोपीय संघ में 6.71 लाख और ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 3.33 लाख टीके औसतन रोजोना लगाए जा रहे हैं। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान में विश्व के प्रमुख देशों से भारत काफी बेहतर स्थिति में है।

भारत में कोविड-19 टीकों की अब तक दी गई खुराकों की संख्या गुरुवार को 100 करोड़ के पार पहुंच गई और इसी के साथ देश ने कोरोना वायरस के खिलाफ अपने टीकाकरण कार्यक्रम में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक दी गई खुराक की संख्या 100 करोड़ के पार पहुंचने पर कहा कि भारत ने इतिहास रच दिया है। पीएम मोदी ने टीकाकरण की इस उपलब्धि को भारतीय विज्ञान, उद्यमों और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की जीत करार दिया। मोदी देश के यह उपलब्धि हासिल करने के मौके पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने वहां अस्पताल के अधिकारियों के साथ बातचीत की। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट करके देश को 100 करोड़ टीकाकरण की उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने लिखा, ‘‘बधाई हो भारत! यह दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थ नेतृत्व का प्रतिफल है।’’ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, देश में टीकाकरण के पात्र वयस्कों में से करीब 75 प्रतिशत लोगों को कम से कम एक खुराक लग चुकी है, जबकि करीब 31 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी हैं।

दक्षिण-पूर्व एशिया में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की क्षेत्रीय निदेशक डॉ.पूनम खेत्रपाल सिंह ने इस उपलब्धि के लिए देश को बधाई देते हुए कहा कि यह मजबूत राजनीतिक नेतृत्व के बिना संभव नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘भारत को एक और मील का पत्थर स्थापित करने - कोविड-19 की एक अरब खुराक देने- के लिए बहुत-बहुत बधाई। इतने कम समय में यह असाधारण उपलब्धि मजबूत नेतृत्व, अंतर-क्षेत्रीय समन्वय, स्वास्थ्य एवं अग्रिम मोर्चे के संपूर्ण कार्यबल के और खुद लोगों के समर्पित प्रयासों के बिना संभव नहीं थी।’’ 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में टीकाकरण मुहिम शुरू होने के 85 दिन बाद तक 10 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी थीं, इसके 45 और दिन बाद भारत ने 20 करोड़ का आंकड़ा छुआ और उसके 29 दिन बाद यह संख्या 30 करोड़ पहुंच गई। देश को 30 करोड़ से 40 करोड़ तक पहुंचने में 24 दिन लगे और इसके 20 और दिन बाद छह अगस्त को देश में टीकों की दी गई खुराकों की संख्या बढ़कर 50 करोड़ पहुंच गई। इसके बाद उसे 100 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 76 दिन लगे। देश में टीकों की सर्वाधिक खुराक देने वाले शीर्ष पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और मध्य प्रदेश शामिल हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत