1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. India-China Face-off: कांग्रेस ने राजनाथ सिंह को घेरा, कहा- 'गुमराह न करें, सामने आकर जवाब दें'

India-China Face-off: कांग्रेस ने राजनाथ सिंह को घेरा, कहा- 'गुमराह न करें, सामने आकर जवाब दें'

 Written By: Bhasha
 Published : Jun 17, 2020 02:13 pm IST,  Updated : Jun 17, 2020 02:14 pm IST

कांग्रेस ने लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों की शाहदत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान में ‘चीन का उल्लेख नहीं होने’ पर बुधवार को सवाल किया और कहा कि ‘गुमराह करने’ के बजाय उन्हें सामने आकर जवाब देना चाहिए।

India-China Faceoff: कांग्रेस ने राजनाथ सिंह को घेरा, कहा- 'गुमराह न करें, सामने आकर जवाब दें'- India TV Hindi
India-China Faceoff: कांग्रेस ने राजनाथ सिंह को घेरा, कहा- 'गुमराह न करें, सामने आकर जवाब दें' Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: कांग्रेस ने लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों की शाहदत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान में ‘चीन का उल्लेख नहीं होने’ पर बुधवार को सवाल किया और कहा कि ‘गुमराह करने’ के बजाय उन्हें सामने आकर जवाब देना चाहिए। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह सवाल भी किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख की घटना पर कब बयान देंगे? 

उन्होंने राजनाथ सिंह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, ‘‘काश, ‘जन संवाद’ रैलियों व विपक्षी सरकारें गिराने से समय निकाल मोदी जी व आप ने देश की सुरक्षा की सुध ली होती तो चीन कभी यह दुस्साहस नही कर सकता था। अब तो ट्विटर से बाहर आ चुप्पी तोड़िए। और प्रधानमंत्री जी कब कुछ कहेंगे?’’ 

सुरजेवाला ने सवाल किया, ‘‘राजनाथ सिंह जी, चीन का नाम तक लिखने से भी क्या डर है? हमारे कितने सैनिक शहीद हुए हैं? आप ये क्यों नही बता रहे? क्या चीन ने हमारे सैनिक अगवा किए हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘गुमराह मत करें, सामने आकर जबाब दें।’’ 

रक्षा मंत्री ने चीनी सेना के साथ हिंसक झड़प में शहीद हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए बुधवार को कहा कि गलवान घाटी में सैनिकों को गंवाना बहुत परेशान करने वाला और दु:खद है। सिंह ने ट्वीट किया कि भारतीय जवानों ने कर्तव्य का पालन करते हुए अदम्य साहस एवं वीरता का प्रदर्शन किया और अपनी जान न्यौछावर कर दी। 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश अपने सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। देश इस मुश्किल समय में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमें भारत के वीरों की बहादुरी और साहस पर गर्व है।’’ 

गौरतलब है कि पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार रात चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प में भारतीय सेना के एक कर्नल सहित 20 सैन्यकर्मी शहीद हो गए। हालांकि, चीन की ओर से भी सैनिकों के मारे जाने की खबर है। लेकिन, चीन में मारे गए सैनिकों की संख्या नहीं बताई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत