1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मौसम अपडेट: आज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम अपडेट: आज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 28, 2020 09:29 am IST,  Updated : May 28, 2020 11:18 am IST

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज गुरुवार (28 मई) को देश के कई इलाकों में धूलभरी आंधी चलने और बारिश के आसार जताए हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान हैं।

Delhi NCR weather update, weather latest news, imd, monsoon, temperature india - India TV Hindi
Delhi NCR weather update latest news imd forecast monsoon temperature india । File Photo Image Source : PTI

नई दिल्ली। देश के उत्तरी, पश्चिमी हिस्से के साथ मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू चल रही है। उत्तर भारत में आज यानी गुरुवार से अधिकतम तापमान में कमी आने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज गुरुवार (28 मई) को देश के कई इलाकों में धूलभरी आंधी चलने और बारिश के आसार जताए हैं, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान हैं। ऐसे में लोगों को बेचैन कर देने वाली गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। हालांकि लू से तत्‍काल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बता दें कि देश के कई जगहों पर तापमान 47  डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। IMD ने पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर-पश्चिमी भारत, सेंट्रल-पूर्वी भारत में बारिश की उम्मीद जताई है।

weather update for 28 may
Image Source : TWITTERweather update for 28 may

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ से 28 से 30 मई तक कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना भी है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में दक्षिण पश्चिम मानसून की स्थिति मजबूत होने के बावजूद अगले 24 घंटों में उत्‍तर व मध्‍य भारत के कई हिस्‍सों में लू जारी रहने के आसार हैं। हालांकि इस दौरान कई इलाकों में बारिश व धूलभरी आंधी चलने के अनुमान भी हैं, जिससे लोगों को पिछले करीब चार-पांच दिनों से जारी भीषण गर्मी व लू से गुरुवार (28 मई) को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बारिश व आंधी के कारण अधिकतम व न्‍यूनतम तापमान में गिरावट आने का अनुमान जताया जा रहा है, जो बुधवार को भी अपेक्षाकृत कम रहा।

उत्‍तर व मध्‍य भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान बुधवार को 47 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि राजस्‍थान के चुरू में यह 49.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था। बुधवार को उत्‍तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्‍तराखंड के कई इलाकों में छिटपुट वर्षा व धूलभरी आंधी चलने से उत्‍तर व मध्‍य भारत के तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। 

मौसम विभाग ने आज गुरुवार को पश्चिम यूपी के कुछ जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की सम्भावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह के साढ़े 10 बजे तक बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और आस-पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बता दें कि, उत्तर प्रदेश में पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से चिलचिलाती गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक यानी 30 मई तक हर रोज तापमान में थोड़ी गिरावट ही दर्ज की जाएगी, यानी अगले कुछ दिन सुकून के हो सकेंगे।

Delhi NCr temperature
Image Source : PTIDelhi NCr temperature

18 साल बाद मई के महीने में सबसे ज्यादा गर्मी

बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली के सफदरजंग में मंगलवार (27 मई) को 18 साल बाद मई के महीने में सबसे ज्यादा गर्मी देखी गई। मंगलवार को दिल्ली के पालम में तापमान 47.6 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा दिल्ली के आयानगर में 46.8 डिग्री, सफदरगंज में 46 डिग्री, लोधी रोड में 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा था।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, सफदरजंग में पिछली बार 46 डिग्री सेल्सियस का तापमान 19 मई 2002 को दर्ज किया गया था। मई में सफदरजंग का ऑल टाइम रिकॉर्ड 47.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 29 मई 1944 को देखा गया था। उन्होंने बताया, दिल्ली के पालम में मई के महीने में 47.6 डिग्री सेल्सियस उच्चतम तापमान 18 मई 2010 को दर्ज किया गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत