1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ISIS से जुड़े हैं तिरंगा झंडा जलाने वाले मुनीर और यासीन, मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी कर्नाटक पुलिस

ISIS से जुड़े हैं तिरंगा झंडा जलाने वाले मुनीर और यासीन, मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी कर्नाटक पुलिस

 Published : Sep 20, 2022 06:36 pm IST,  Updated : Sep 20, 2022 06:36 pm IST

Karnatka News: कर्नाटक के शिवमोगा में तीन ऐसे युवकों की पहचान हुई है, जिनके तार आतंकी संगठन ISIS से जुड़े हैं। इनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन तीसरा और मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

Syed Yasin And Maaz Muneer- India TV Hindi
Syed Yasin And Maaz Muneer Image Source : INDIA TV

Highlights

  • ISIS से जुड़े हैं तिरंगा झंडा जलाने वाले मुनीर और यासीन
  • मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी कर्नाटक पुलिस
  • ये पूरे कर्नाटक में आतंकी साजिश की प्लानिंग कर रहे थे

Karnatka News: कर्नाटक के शिवमोगा में तीन ऐसे युवकों की पहचान हुई है, जिनके तार आतंकी संगठन ISIS से जुड़े हैं। इनमें से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन तीसरा और मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। कर्नाटक के गृहमंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया कि शिवमोगा पुलिस ने 3 लोगों को आइडेंटीफाई किया है, ये तीनों लोग ISIS के सम्पर्क में थे, ऐसा पुलिस की प्रारम्भिक जांच में सामने आया है। मुनीर और सैयद यासीन को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। इनके खिलाफ UAPA की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

तीसरे आरोपी के बारे में पुलिस के पास जानकारी है, हालांकि वो अभी फरार है। ये तीनों आरोपी शिवमोगा और तीर्थहल्ली के रहने वाले हैं और कर्नाटक के तटीय जिलों में सक्रिय थे। उन्होंने कहा, इन लोगों का बैक ग्राउंड क्या है और ये किन-किन लोगों के सम्पर्क में थे, शिवमोगा पुलिस इसकी जांच कर रही है। ये क्या काम कर करे हैं, इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है, पर इतना कह सकता हूं कि आतंकी संगठन के साथ इनके लिंक की पुख्ता जानकारी हमारे पास है। बाकी जांच के बाद साफ हो पाएगा।

पूरे कर्नाटक में आतंकी साजिश की प्लानिंग कर रहे थे

पुलिस की FIR के मुताबिक ये तीनो युवक शिवमोगा में रह कर पूरे कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी साजिश की प्लानिंग कर रहे थे। ये तीनों ISIS के सम्पर्क में थे। पुलिस का दावा है कि इनके खिलाफ उसके पास पुख्ता सबूत हैं। इस गैंग का लिंक मंगलुरु से भी है। शिवमोगा जिले के भद्रावती के ACP जितेंद्र कुमार की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत के मुताबिक इनके पास विस्फोटक होने और इनके द्वारा तिरंगे झंडे को जलाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर 2 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है, नामजद अभियुक्तों में मुनीर माज और सईद यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी शारीक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

शारीक और मुनीर के खिलाफ पहले भी दर्ज हुए थे केस

शारीक और माज़ मुनीर अहमद के खिलाफ पहले भी केस दर्ज हुआ है। साल 2020 में मंगलुरु शहर में दीवारों पर देश विरोधी नारे लिखने के एक मामले में केस दर्ज हुआ था, ये दोनों उस केस में जमानत पर बाहर थे। 15 अगस्त को वीर सावरकर के पोस्टर विवाद में एक हिंदू युवक प्रेम सिंह को चाकू मारा गया था, शिवमोगा पुलिस ने इस सिलिसिले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस जांच के दौरान पुलिस को इन तीनों की गतिविधियों के बारे में पता चला, जिसके बाद इनमें से दो को अरेस्ट कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में प्रोड्यूस किए जाने के बाद कोर्ट ने उन्हें 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत