1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जस्टिस सूर्यकांत होंगे भारत के नए चीफ जस्टिस, राष्ट्रपति ने की नियुक्ति, 24 नवंबर से संभालेंगे पदभार

जस्टिस सूर्यकांत होंगे भारत के नए चीफ जस्टिस, राष्ट्रपति ने की नियुक्ति, 24 नवंबर से संभालेंगे पदभार

 Reported By: Atul Bhatia, Edited By: Shakti Singh
 Published : Oct 30, 2025 06:55 pm IST,  Updated : Oct 30, 2025 06:56 pm IST

जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को भारत के नए चीफ जस्टिस के रूप में शपथ लेंगे। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसकी पुष्टि की। बीआर गवई की जगह अब जस्टिस सूर्यकांत जीफ जस्टिस का पद संभालेंगे।

Justice Suryakant- India TV Hindi
जस्टिस सूर्य़कांत Image Source : X/@ARJUNRAMMEGHWAL

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जस्टिस सूर्यकांत को भारत का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। वह 24 नवंबर को अपना पदभार संभालेंगे। देश के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई का कार्यकाल 23 नवंबर को खत्म होगा। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जस्टिस सूर्यकांत को बधाई देते हुए उनके नए चीफ जस्टिस नियुक्त होने की जानकारी दी। वह देश के 53वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।

भारत सरकार के केंद्रीय विधि एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, राष्ट्रपति महोदय, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत को 24 नवंबर, 2025 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करते हैं। मैं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।" 

15 महीने का होगा कार्यकाल

इस साल 14 मई को प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करने वाले न्यायमूर्ति गवई ने अगले प्रधान न्यायाधीश के रूप में केंद्रीय विधि मंत्रालय से न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नाम की सिफारिश की थी। इसी आधार पर सरकार ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत के नाम की सिफारिश की और राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति की। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में 24 मई, 2019 को प्रमोट हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत का प्रधान न्यायाधीश के रूप में कार्यकाल करीब 15 महीने होगा। वह 9 फरवरी, 2027 को रिटायर होंगे। 

चीफ जस्टिस की अधिकतम उम्र 65 वर्ष

उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष है। उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति, स्थानांतरण और पदोन्नति के दिशानिर्देश संबंधी प्रक्रिया ज्ञापन के अनुसार भारत के प्रधान न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति के लिए उच्चतम न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश को चुना जाना चाहिए, जिन्हें पद धारण करने के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसके अनुसार केंद्रीय कानून मंत्री, ‘उचित समय पर’, निवर्तमान प्रधान न्यायाधीश से उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति के लिए अनुशंसा प्राप्त करेंगे। परंपरागत रूप से, यह पत्र वर्तमान प्रधान न्यायाधीश के 65 वर्ष की आयु होने पर सेवानिवृत्त होने से एक महीने पहले भेजा जाता है।

हिसार से हैं जस्टिस सूर्यकांत

न्यायमूर्ति सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी, 1962 को हरियाणा के हिसार जिले में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। वह 24 मई, 2019 को शीर्ष अदालत में न्यायाधीश बने। न्यायमूर्ति सूर्यकांत पीठ में दो दशक के अनुभव के साथ देश के शीर्ष न्यायिक पद को ग्रहण करेंगे, जिसमें अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतंत्र, भ्रष्टाचार, पर्यावरण और लैंगिक समानता से संबंधित ऐतिहासिक फैसले शामिल हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत उस पीठ का हिस्सा थे जिसने औपनिवेशिक काल के राजद्रोह कानून पर रोक लगा दी थी और निर्देश दिया था कि सरकार की ओर से समीक्षा होने तक इसके तहत कोई नई प्राथमिकी दर्ज न की जाए। 

जस्टिस सूर्यकांत के बड़े फैसले

चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को रेखांकित करने वाले एक आदेश में, उन्होंने निर्वाचन आयोग को बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मसौदा मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नामों का विवरण देने को कहा था। न्यायमूर्ति सूर्यकांत को यह निर्देश देने का श्रेय भी दिया जाता है कि उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन सहित बार एसोसिएशनों में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं। उन्होंने रक्षा बलों के लिए वन रैंक-वन पेंशन (ओआरओपी) योजना को संवैधानिक रूप से वैध बताते हुए उसे बरकरार रखा और सेना में स्थायी कमीशन में समानता की मांग करने वाली सशस्त्र बलों की महिला अधिकारियों की याचिकाओं पर सुनवाई जारी रखी। 

पेगासस स्पाइवेयर मामले की सुनवाई की

न्यायमूर्ति सूर्यकांत सात-न्यायाधीशों की उस पीठ में शामिल थे, जिसने 1967 के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के फैसले को खारिज कर दिया था, जिससे संस्थान के अल्पसंख्यक दर्जे पर पुनर्विचार का रास्ता खुल गया था। वह पेगासस स्पाइवेयर मामले की सुनवाई करने वाली पीठ का भी हिस्सा थे, जिसने गैरकानूनी निगरानी के आरोपों की जांच के लिए साइबर विशेषज्ञों का एक पैनल नियुक्त किया था। न्यायमूर्ति सूर्यकांत उस पीठ का हिस्सा रहे जिसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2022 की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघन की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश इंदु मल्होत्रा ​​​​की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति नियुक्त की थी। उन्होंने कहा था कि ऐसे मामलों के लिए ‘‘न्यायिक रूप से प्रशिक्षित दिमाग’’ की आवश्यकता होती है।

यह भी पढ़ें-

राहुल गांधी के खिलाफ बिहार BJP ने दर्ज कराई शिकायत, पीएम मोदी को लेकर डांस वाले बयान को अभद्र कहा

VIDEO: राफेल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ऐतिहासिक उड़ान, कुरुक्षेत्र के ऊपर से देश को दिया संदेश

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत