नई दिल्ली: महाराष्ट्र में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। संजय ने कहा है कि सूबे में सरकार कोई भी बना ले, लेकिन वह ज्यादा दिन चलेगी नहीं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में चुनाव हो सकता है। आपको बता दें कि अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा चल रही है कि शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी मिलकर सूबे की अगली सरकार बना सकती हैं। शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तेफी का ऐलान कर दिया है। इसके बाद अब माना जा रहा है कि शिवसेना ने एनडीए से अलग होने का मन बना लिया है।
संजय निरूपम ने ट्वीट अपने ट्वीट में कहा, 'चाहे कोई भी, कैसे भी सरकार बनाए लेकिन महाराष्ट्र में बनी राजनीतिक अस्थिरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। जल्दी चुनावों के लिए तैयार हो जाइए। चुनाव 2020 में भी हो सकते हैं। क्या हम चुनावों में शिवसेना के पार्टनर के तौर पर जा सकते हैं?'
गौरतलब है कि कांग्रेस और एनसीपी ने अभी तक किसी भी पार्टी को समर्थन देने पर कुछ नहीं कहा है। शिवसेना महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए एनसीपी और कांग्रेस से संपर्क साध रही है, लेकिन शरद पवार नीत एनसीपी ने शर्त रखी है कि महाराष्ट्र में यदि पार्टी का समर्थन चाहिए तो शिवसेना को राजग का साथ छोड़ना होगा। फिलहाल शिवसेना के पास 56 विधायक हैं, जबकि बहुमत के लिए 145 विधायक चाहिए होते है। अब राज्य में सरकार बनाने में कांग्रेस (44 विधायक) और एनसीपी (54 विधायक) के 98 विधायकों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
संपादक की पसंद