1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अब कोर्ट पर भी यकीन नहीं! राहुल गांधी की अपील खारिज होने पर भड़क गईं महबूबा

अब कोर्ट पर भी यकीन नहीं! राहुल गांधी की अपील खारिज होने पर भड़क गईं महबूबा

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 20, 2023 05:21 pm IST,  Updated : Apr 20, 2023 05:21 pm IST

जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री सूरत की एक अदालत द्वारा एक आपराधिक मानहानि मामले में सजा के खिलाफ राहुल गांधी की अपील खारिज कर दिए जाने पर प्रतिक्रिया दे रही थीं।

Mehbooba Mufti, Mehbooba Mufti News, Mehbooba Mufti Latest- India TV Hindi
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती। Image Source : FILE

अनंतनाग: गुजरात की एक अदालत द्वारा ‘मोदी सरनेम’ वाले मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अपील खारिज कर दिए जाने पर PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती बुरी तरह भड़क गईं। महबूबा ने गुरुवार को अदालते के इस फैसले के बाद बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र के लिए एक ‘काला दिन’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दलों के नेताओं को परेशान किया जा रहा है और वे या तो जेल में हैं या उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।

‘बीजेपी देश में लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है’

महबूबा ने अनंतनाग में कहा, ‘लोकतंत्र की जननी होने पर गर्व करने वाले मुल्क के लोकतांत्रिक इतिहास में आज काला दिन है। राहुल गांधी के साथ जिस प्रकार का बर्ताव किया जा रहा है, वह दिखाता है कि बीजेपी देश में लोकतंत्र का खात्मा चाहती है। वे ‘वन पार्टी सिस्टम’ लाना चाहते हैं और संविधान को दरकिनार करके ‘बीजेपी राष्ट्र’ बनाना चाहते हैं।’ जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री सूरत की एक अदालत द्वारा एक आपराधिक मानहानि मामले में सजा के खिलाफ राहुल गांधी की अपील खारिज कर दिए जाने पर प्रतिक्रिया दे रही थीं।


‘न्यायपालिका लोगों की अंतिम उम्मीद है लेकिन…’
महबूबा ने कहा, ‘न्यायपालिका लोगों की अंतिम उम्मीद है लेकिन इसकी हालिया भूमिका से सवाल पैदा होते हैं। अनुच्छेद 370 से जुड़ी याचिकाओं को देखिए, वे कई साल से बिना सुनवाई के लंबित हैं। बिल्कीस बानो का मामला लंबित है, लेकिन राहुल गांधी के मामले में तेजी लाई जा रही है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद राहुल गांधी एक विश्वसनीय चेहरे के रूप में उभरे हैं और ऐसा लगता है कि बीजेपी उनकी लोकप्रियता से 'डर' गई है।’ महबूबा ने कहा कि मुझे भरोसा है कि लोग ‘वेस्ट इंडिया कंपनी’ के कुशासन के खिलाफ उसी प्रकार उठ खड़े होंगे जैसे वे 1947 से पहले ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ खड़े हुए थे।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत