1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मावा नहीं शकरकंद से बनाएं गुलाब जामुन, इतने सॉफ्ट कि मुंह में रखते ही घुल जाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

मावा नहीं शकरकंद से बनाएं गुलाब जामुन, इतने सॉफ्ट कि मुंह में रखते ही घुल जाएं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 20, 2026 09:11 am IST,  Updated : Feb 20, 2026 09:11 am IST

Shakarkand Gulab Jamun Recipe: बिना मावा के सिर्फ शकरकंद से टेस्टी गुलाब जामुन बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये गुलाब जामुन इतने मुलायम बनते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाएं। फटाफट नोट कर लें शकरकंद गुलाब जामुन रेसिपी।

शकरकंद गुलाब जामुन रेसिपी- India TV Hindi
शकरकंद गुलाब जामुन रेसिपी Image Source : INDIA TV

गुलाब जामुन ऐसी मिठाई है जिसका स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है। रस में डूबे एकदम नरम गुलाब जामुन मुंह में रखते ही घुल जाते हैं। वैसे तो गुलाब जामुन को मावा से तैयार किया जाता है। लेकिन इन दिनों लोग शकरकंद से भी गुलाब जामुन बनाने लगे हैं। शकरकंद से गुलाब जामुन बनाने के लिए आपको मावा या खोया की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। ये गुलाब जामुन इतने टेस्टी और सॉफ्ट बनते हैं कि मुंह में जाते ही घुल जाते हैं। इन दिनों शकरकंद का सीजन भी है तो आप शकरकंद से गुलाब जामुन बनाकर जरूर खाएं। घर में मेहमान आने वाले हों या कभी मीठा खाने का मन करे तो आप शकरकंद से गुलाब जामुन बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें शकरकंद गुलाब जामुन की रेसिपी।

शकरकंद गुलाब जामुन रेसिपी

पहला स्टेप- इसके लिए आपको अच्छी मोटी करीब 2 शकरकंद लेनी है और उन्हें धोकर पानी में डालकर उबाल लें। ठंडी होने पर शकरकंद को छील लें। अब मैशक की मदद से इसे अच्छी तरह से मैश कर लें। शकरकंद में किसी तरह की कोई गांठ या गुठली नहीं होनी चाहिए।

दूसरा स्टेप- मैश की गई शकरकंद में आधा कटोरी मिल्क पाउडर मिला दें। इसमे 2 चम्मच मैदा और 2 पिंच बेकिंग पाउडर, इलायची पाउडर और 2 चम्मच देसी घी डाल दें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें और नरम आटे जैसा डो तैयार कर लें। अगर डो टाइट लगे तो इसमें थोड़ा दूध डालकर गूंथ लें। अब इसे 15 मिनट सेट होने के लिए ढककर रख दें।

तीसरा स्टेप- अब गुलाब जामुन की चाशनी बनाने के लिए 1 कप चीनी और 1 कप से जरा कम पानी डालकर लगातार चलाते हुए चीनी के घुलने तक पकाएं। चाशनी में थोड़ा केसर और हरी इलायची पीसकर मिला दें। इससे चाशनी का कलर और स्वाद दोनों बढ़ जाता है।

चौथा स्टेप- तैयार किए गए शकरकंद के डो से गुलाब जामुन जैसी छोटी-छोटी बॉल्स बनाकर तैयार कर लें। सारे गुलाब जामुन को एकदम चिकना करके बनाएं। कड़ाही में तेल गर्म करें और गैस की फ्लेम मीडियम टू लो रखें। अब एक बार में कड़ाही में जितने गुलाब जामुन आ जाएं उन्हें फ्राई कर लें। 

पांचवां स्टेप- फ्राई किए गए गुलाब जामुन को तुरंत ही चाशनी में डालते जाएं। इसी तरह सारे गुलाब जामुन तैयार कर लें और इन्हें कम से कम 1 घंटे चाशनी में डालकर छोड़ दें। इससे चाशनी गुलाब जामुन के अंदर तक चली जाएगी और गुलाब जामुन बहुत ही सॉफ्ट हो जाएंगे। तैयार किए गए शकरकंद से बने गुलाब जामुन को सर्व करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल