1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में 'G-Pay' अब 'गहलोत-पे' बन गया है, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

राजस्थान में 'G-Pay' अब 'गहलोत-पे' बन गया है, केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 20, 2023 11:20 pm IST,  Updated : May 20, 2023 11:49 pm IST

'इस सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं। मुझे लगता है कि गूगल-पे जिसे जी-पे कहा जाता है, आजकल राजस्थान में जी-पे का मतलब गहलोत-पे हो गया है।

गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री- India TV Hindi
गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री Image Source : फाइल

जयपुर: केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को आरोप लगाया कि राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सबसे भ्रष्ट है और वह अपने वोट बैंक की राजनीतिक के लिए एक खास धर्म के लोगों को तुष्ट करने की कोशिश कर रही है। शेखावत नागौर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए थे। उन्होंने नागौर जिले के लाडनूं में संवाददाताओं से कहा-'इस सरकार ने भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी हैं। मुझे लगता है कि गूगल-पे जिसे जी-पे कहा जाता है, आजकल राजस्थान में जी-पे का मतलब गहलोत-पे हो गया है। 

देश के लोकतांत्रिक इतिहास सबसे भ्रष्ट सरकार

जयपुर में योजना भवन में 2.31 करोड़ रुपये की जब्ती पर पर शेखावत ने कहा, 'हम लगातार कहते रहे हैं कि सूबे की मौजूदा गहलोत सरकार इस देश के लोकतांत्रिक इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले में एसीबी, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय को सूचित किया जाना चाहिए था। शेखावत ने कहा- ऐसी भी चर्चा है कि घोषित राशि और बरामद राशि के बीच एक बड़ा अंतर है।

तुष्टीकरण में लिप्त रही गहलोत सरकार

जयपुर शहर के किशनपोल इलाके में कथित तौर पर हिंदुओं के पलायन को लेकर पोस्टर चिपकाने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि राजस्थान के कई इलाकों में ऐसी स्थिति है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में गहलोत सरकार जिस तरह से तुष्टीकरण में लिप्त रही है, उसके कई उदाहरण प्रदेश भर में हैं। शेखावत ने कहा, जिस तरह से उन्होंने अपना वोट बैंक बढ़ाने के लिए एक विशेष धर्म के सदस्यों को खुश करने की कोशिश की, यह लोगों को मुगल शासन की याद दिलाता है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।