1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. चार महीने पहले पायलट राजवीर के हुए थे जुड़वा बच्चे, पत्नी भी सेना में हैं लेफ्टिनेंट कर्नल; केदारनाथ हादसे ने उजाड़ा परिवार

चार महीने पहले पायलट राजवीर के हुए थे जुड़वा बच्चे, पत्नी भी सेना में हैं लेफ्टिनेंट कर्नल; केदारनाथ हादसे ने उजाड़ा परिवार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 15, 2025 09:59 pm IST,  Updated : Jun 15, 2025 10:03 pm IST

केदारनाथ में रविवार को एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। वहीं हेलिकॉप्टर के पायलट राजवीर सिंह की भी इस हादसे में मौत हो गई।

केदारनाथ हादसे में उजड़ा पायलट राजवीर का परिवार।- India TV Hindi
केदारनाथ हादसे में उजड़ा पायलट राजवीर का परिवार। Image Source : INDIA TV

जयपुर: उत्तराखंड में रविवार को एक हेलिकॉप्टर क्रैश होने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में हेलिकॉप्टर के पायलट की भी जान चली गई। जानकारी के मुताबिक जयपुर निवासी पायलट राजवीर सिंह चौहान 15 साल से अधिक समय तक भारतीय सेना में सेवारत रहे। उन्हें भारत के अलग-अलग इलाकों में एयर ऑपरेशन का अनुभव था। सेना से रिटायर होने के बाद राजवीर सिंह चौहान अक्टूबर 2024 से आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम कर रहे थे।  

2000 घंटे से ज्यादा का फ्लाइंग अनुभव

उनके पिता गोविंद सिंह ने बताया, "मुझे उनके सहयोगी से इस हादसे के बारे में जानकारी मिली।" राजवीर के पिता ने बताया राजवीर को 2000 हजार घंटे से ज्यादा का फ्लाइंग अनुभव था। जानकारी के मुताबिक राजवीर सिंह चौहान की पत्नी दीपिका सिंह चौहान भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। दोनों की शादी साल 2011 में हुई थी, जब दोनों एक साथ पठानकोट में सेवारत थे। राजवीर की पत्नी ने चार महीने पहले जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। 

30 जून को थी माता-पिता की शादी की सालगिरह

जानकारी के मुताबिक 30 जून को राजवीर के माता-पिता की शादी की सालगिरह थी, इसी दिन वह जुड़वा बेटों के जन्म का कार्यक्रम भी रखने वाले थे। हालांकि इससे पहले ही राजवीर का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके रिश्तेदार और मित्र परिवार को सांत्वना देने के लिए शास्त्री नगर स्थित उनके आवास पर पहुंचने लगे। 

राज्यपाल ने की पुण्यात्मा की शांति की कामना

इस हादसे के बाद राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, सीएम भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताया है। राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार, राज्यपाल ने ईश्वर से राजस्थान के पायलट तथा अन्य श्रद्धालुओं की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। 

सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘केदारनाथ में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई राजस्थान के पायलट तथा अन्य श्रद्धालुओं की जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। बाबा केदार दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’ 

अशोक गहलोत ने व्यक्त की संवेदना

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘‘केदारनाथ के पास हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर निवासी पायलट राजवीर सिंह चौहान समेत सात व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।’’ (इनपुट- दिनेश कुमावत)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।